पुलिस को देखते ही भागने लगी महिला, बैग खुलते ही निकली 5 लाख की ब्राउन शुगर…

 

राँची।राँची पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला को 89.32 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित बाजार कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, महिला रांची शहर के अलग-अलग इलाकों में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री से जुड़ी थी।

बिहार से नशे की खेप आने की मिली थी सूचना
पुलिस को सूचना मिली थी कि बिहार की ओर से एक महिला भारी मात्रा में ब्राउन शुगर लेकर राँची पहुंचने वाली है। सूचना के आधार पर वरीय पुलिस अधीक्षक को अवगत कराया गया और पुलिस उपाधीक्षक सदर संजीव कुमार बेसरा के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।टीम जुमार पुल बस स्टैंड के पास पहुंचकर संदिग्ध महिला का इंतजार करने लगी। इसी दौरान करीब दोपहर 3:10 बजे पुलिस की नजर एक महिला पर पड़ी, जो जुमार पुल के पास ऑटो में अकेली बैठी थी।

पुलिस को देखते ही भागने की कोशिश
पुलिस के मुताबिक, टीम को अपनी ओर आता देखकर महिला घबरा गई और ऑटो से उतरकर भागने की कोशिश करने लगी। हालांकि, छापामारी दल में शामिल महिला चौकीदार कृति मुंडा की मदद से पुलिस ने उसे पकड़ लिया।पूछताछ में महिला की पहचान मुन्नी देवी (करीब 43 वर्ष), पति बाबला राम, देवी मंडप के पास, कोकर बाजार, जतराटांड़, राँची के रूप में हुई।

हैंड बैग से निकली ब्राउन शुगर की खेप
पुलिस उपाधीक्षक सदर की मौजूदगी में महिला की विधिवत तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पर्स/हैंड बैग में छिपाकर रखे प्लास्टिक के पाउच से 89.32 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई।

बरामद 89.32 ग्राम ब्राउन शुगर, अनुमानित कीमत करीब ₹5 लाख रुपये  बताया जा रहा है।आई-टेल कंपनी का काला की-पैड मोबाइल फोन ₹20,000 नकद भी बरामद कर विधिवत जब्त कर लिया।

पूछताछ में कई इलाकों में सप्लाई की बात
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान गिरफ्तार महिला ने राँची जिले के विभिन्न चौक-चौराहों पर ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री किए जाने की जानकारी दी है। मामले में सदर (मेसरा) थाना कांड संख्या 384/26, दिनांक 16 अगस्त 2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने NDPS Act की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।

पहले से दर्ज हैं दो मामले
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, मुन्नी देवी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ सदर थाना में वर्ष 2024 और 2025 में दो मामले दर्ज हैं। वर्ष 2025 के मामले में NDPS Act की धाराएं भी लगाई गई थीं।

बड़ी टीम ने दिया कार्रवाई को अंजाम
इस कार्रवाई में सहायक पुलिस अधीक्षक कोतवाली निखिल रॉय, डीएसपी सदर संजीव कुमार बेसरा, सदर थाना एवं कोतवाली थाना के पुलिस पदाधिकारी समेत मेसरा ओपी और अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई को शहर में मादक पदार्थों के नेटवर्क के खिलाफ अहम कदम माना जा रहा है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद ब्राउन शुगर की खेप कहां से लाई गई थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हैं।

error: Content is protected !!