देवघर में तीसरी सोमवारी पर उमड़ा आस्था का जनसैलाब, नाग पंचमी के संयोग से बढ़ी श्रद्धालुओं की आस्था..कई किलोमीटर तक पहुंची कांवरियों की कतार

 

देवघर।राजकीय श्रावणी मेला 2026 की तीसरी सोमवारी पर बाबा नगरी देवघर पूरी तरह शिवमय हो गई है। बाबा बैद्यनाथ धाम में जलार्पण और पूजा-अर्चना के लिए कांवरियों एवं श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। सोमवार की अहले सुबह से ही पूरा देवघर ‘बोल बम’, ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय बाबा बैद्यनाथ’ के जयघोष से गूंज रहा है।

रविवार की देर रात से ही कांवरियों की कतार लगातार लंबी होती गई। रात्रि करीब 1 बजे तक श्रद्धालुओं की कतार नंदन पहाड़ तक पहुंच गई थी। सोमवार की भोर में मंदिर के पट खुलने के बाद श्रद्धालुओं के लिए जलार्पण शुरू हुआ। कतारबद्ध होकर कांवरिए और श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक कर रहे हैं।

सावन सोमवार के साथ नाग पंचमी का विशेष संयोग
इस बार तीसरी सोमवारी का महत्व इसलिए और बढ़ गया है, क्योंकि 17 अगस्त को सावन सोमवार के साथ नाग पंचमी का भी पावन संयोग है। एक ही दिन भगवान शिव की आराधना और नाग पंचमी का पर्व होने से शिवभक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।सनातन परंपरा में नाग पंचमी का भगवान शिव से गहरा संबंध माना जाता है। भगवान शिव के गले में विराजमान नाग उनकी दिव्य शक्ति और वैराग्य के प्रतीक माने जाते हैं। नाग पंचमी के दिन नाग देवता की पूजा के साथ भगवान शिव की आराधना और जलाभिषेक का भी विशेष महत्व माना जाता है।

मान्यता है कि सावन के महीने में भगवान शिव की पूजा करने से भक्तों को विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है। वहीं नाग पंचमी पर नाग देवता की पूजा कर श्रद्धालु परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और संकटों से रक्षा की कामना करते हैं। यही वजह है कि सावन सोमवार और नाग पंचमी के एक साथ पड़ने से बाबा बैद्यनाथ धाम में धार्मिक उत्साह और भी बढ़ गया है।

बाबा नगरी में गूंज रहा बोल बम
तीसरी सोमवारी पर बाबा नगरी का माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना हुआ है। भगवा वस्त्रों में कांवरियों के जत्थे हाथों में कांवर लिए बाबा बैद्यनाथ के दरबार की ओर बढ़ रहे हैं। रास्ते भर ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे सुनाई दे रहे हैं।

बाबा मंदिर में जलार्पण के लिए पहुंच रहे श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और मंगल की कामना कर रहे हैं। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

प्रशासन अलर्ट, श्रद्धालुओं की सुविधा पर विशेष जोर
श्रावणी मेला में उमड़ रही भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से कतार में आगे बढ़ाया जा रहा है। प्रमुख मार्गों और भीड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।तीसरी सोमवारी पर कांवरियों की बढ़ती भीड़ के बीच प्रशासन की चुनौती भी बढ़ गई है। हालांकि, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षित जलार्पण के लिए व्यवस्था को लगातार नियंत्रित किया जा रहा है।

सावन सोमवार और नाग पंचमी के इस विशेष संयोग ने बाबा बैद्यनाथ की नगरी को भक्ति, आस्था और आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया है। चारों ओर एक ही गूंज सुनाई दे रही है-बोल बम बोल ,हर हर महादेव…

error: Content is protected !!