Jharkhand:धनबाद में कोर्ट के एक कर्मचारी पर एक युवती ने लगाया आरोप,कोल्ड ड्रिंक पिलाकर दुष्कर्म किया,बनाया वीडियो और करने लगा ब्लैकमेल

धनबाद।महुदा थाना क्षेत्र की 25 वर्षीय युवती ने धनबाद सिविल कोर्ट के एक कर्मचारी पर यौन शोषण का आरोप लगाया है। उसने बताया कि आरोपी शौविक नंदी अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में चपरासी पद पर कार्यरत है। महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। अनुसंधानकर्ता जयमंती खल्लो के अनुरोध पर पीडि़ता का बयान प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी प्रतिमा उरांव की अदालत में सोमवार को धारा 164 के तहत दर्ज किया गया। यह मामला सामने आने के बाद कोर्ट कर्मचारी भूमिगत हो गया है।

ठंडा पिलाकर किया दुष्कर्म

पीड़िता ने कहा कि तीन साल पहले धनबाद के गोल्फग्राउंड में डिजनीलैंड मेला लगा था। वहीं युवक से मुलाकात हुई थी। वह मेला घूमने आई थी। इसी दौरान आरोपी ने उसे ठंडा पिलाया और फिर एक कमरे में ले जाकर दुष्कर्म किया था। पीडि़ता ने यह भी आरोप लगाया कि बीमारी का बहाना बनाकर उससे 75 हजार रुपये भी ठग लिए। उसका वीडियो बना लिया था और ब्लैकमेल कर रहा था। उसके साथ पारिवारिक विवाद निवारण संस्था की कुछ महिला सदस्य भी कोर्ट आई थीं। उन्होंने न्याय दिलाने तक कानूनी लड़ाई लडऩे की बात कही।

मामला सलटाने को दबाव बनाने का आरोप

पीडि़ता ने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत दर्ज कराने पर महिला थाना के एक एसआइ रैंक के पुलिस अधिकारी ने 75 हजार रुपये लेकर मामला रफा-दफा करने का दबाव बनाया। बात नहीं मानने पर उसे काफी देर तक परेशान किया गया। थाना में काफी देर तक बैठाए रखा गया।