बाइक से जा रहा था ससुराल, ओवरटेक करते ही बाइक सवार की सामने से आ रही टाटा सूमो की टक्कर से मौत

रामगढ़। जिले के गोला थाना क्षेत्र स्थित रामगढ़-बोकारो मेन रोड के चक्रवाली गांव के पास सोमवार को सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। युवक चास नावागढ़ अपने ससुराल जा रहा था और इसी दौरान यह दुर्घटना हो गई। युवक एक गाड़ी को तेज रफ्तार में ओवरटेक कर रहा था। तभी सामने से आ रही टाटा सूमो विक्टा से उसकी टक्कर हो गई और युवक की मौके पर मौत हो गई।

वहीं युवक की पहचान हजारीबाग के चरही स्थित जरवा बस्ती निवासी रतन साव (22) के रूप में की गई। रतन सुबह बाइक से अपने ससुराल जाने के लिए निकला था। जैसे ही वो रामगढ़-बोकारो मेन रोड के चक्रवाली गांव के पास पहुंचा, यह हादसा हो गया। बाइक टाटा सूमो में फंस गई।

इधर, टाटा सूमो पर सवार झारखण्ड सरकार पीएचईडी विभाग के कनीय अभियंता मयंक कुमार भगत व ड्राइवर रविंद्र कुमार बेहरा घायल हो गए। सूचना पर पहुंची गोला पुलिस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोला में भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रामगढ़ भेज दिया गया। वहीं, शव को गोला पुलिस अपने कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल रामगढ़ भेज दिया।परिजनों को सूचना दे दी गई।