अब व्हाट्सएप पर मिलेगी पुलिस की हर मदद: पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने शुरू की ‘जोहार पुलिस’ चैटबॉट सेवा, सिर्फ एक ‘Hi’ से हल होंगी समस्याएं

 

जमशेदपुर। आम नागरिकों की सुविधा और पुलिस सेवाओं को अधिक सुलभ, पारदर्शी व सुगम बनाने के उद्देश्य से पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने एक बेहद प्रभावशाली पहल की शुरुआत की है। वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय, पूर्वी सिंहभूम द्वारा ‘जोहार पुलिस’ (JOHAR POLICE – Jamshedpur Online Help & Assistance for Residents) चैटबॉट लॉन्च किया गया है। इस सेवा के शुरू होने से अब नागरिकों को अपनी छोटी-मोटी समस्याओं, शिकायतों या सत्यापन से जुड़ी जानकारी के लिए पुलिस थानों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।

मात्र एक व्हाट्सएप मैसेज से जुड़ें पुलिस से

‘जोहार पुलिस’ चैटबॉट का उपयोग करना बेहद आसान है। नागरिकों को अपने मोबाइल फोन के व्हाट्सएप से केवल 9471167577 नंबर पर “Hi” लिखकर भेजना होगा। इसके अलावा पुलिस द्वारा जारी किए गए क्यूआर कोड (QR Code) को स्कैन करके भी सीधे चैटबॉट तक पहुंचा जा सकता है।

व्हाट्सएप पर उपलब्ध प्रमुख पुलिस सेवाएं

इस डिजिटल चैटबॉट के माध्यम से आम जनता को कई महत्वपूर्ण सुविधाएं घर बैठे ही प्राप्त होंगी:

गुमशुदा मोबाइल: खोए हुए मोबाइल फोन से संबंधित सूचना दर्ज करने और त्वरित सहायता पाने की सुविधा।

साइबर अपराध से सुरक्षा: साइबर ठगी व अपराध से जुड़ी शिकायत दर्ज कराने तथा आवश्यक दिशानिर्देश प्राप्त करने की व्यवस्था।

महिला व वरिष्ठ नागरिक सुरक्षा: महिला सुरक्षा, ईव-टीजिंग की शिकायत और बुजुर्गों के लिए विशेष सहायता।

ट्रैफिक व चालान जानकारी: ट्रैफिक से संबंधित समस्याओं और वाहन चालान का विवरण प्राप्त करने की सुविधा।

पासपोर्ट व चरित्र सत्यापन: पासपोर्ट वेरिफिकेशन, कैरेक्टर सर्टिफिकेट और अन्य पुलिस सत्यापन की स्थिति (Status) जानने की सुविधा।

आवेदन व शिकायत ट्रैकिंग: पुलिस कार्यालय या थानों में दिए गए आवेदनों तथा शिकायतों की अद्यतन स्थिति जानने का विकल्प।

निकटतम थाना व फीडबैक: अपने नजदीकी पुलिस स्टेशन की जानकारी हासिल करने तथा शिकायत, सुझाव या फीडबैक सीधे पुलिस तक पहुंचाने की सुविधा।

जनता को मिलेगा सीधा फायदा

पूर्वी सिंहभूम पुलिस के अनुसार, इस सेवा का सबसे बड़ा लाभ यह होगा कि आम नागरिक घर बैठे ही व्हाट्सएप के जरिए पुलिस से संवाद स्थापित कर सकेंगे। इससे थानों में भौतिक रूप से जाने की आवश्यकता कम होगी, समय की बचत होगी और पुलिस व जनता के बीच त्वरित संवाद व बेहतर समन्वय कायम होगा।

पुलिस प्रशासन ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे ‘जोहार पुलिस’ चैटबॉट (9471167577) का अधिक से अधिक उपयोग करें और अपने मोबाइल के माध्यम से ही पुलिस सेवाओं का लाभ उठाएं।

 

error: Content is protected !!