गिरिडीह में ACB का बड़ा एक्शन: 30 हजार की रिश्वत लेते दारोगा रंगेहाथ गिरफ्तार, साइबर थाना में मचा हड़कंप

 

गिरिडीह। भ्रष्टाचार के खिलाफ (ACB) ने बुधवार को गिरिडीह में बड़ा शिकंजा कसा। गिरिडीह साइबर थाना में तैनात सब-इंस्पेक्टर पुनीत कुमार गौतम को कथित तौर पर 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया।बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई जीवलाल मंडल की शिकायत पर की गई। शिकायतकर्ता का आरोप था कि साइबर थाना कांड संख्या 24/26 से जुड़े मामले में कोर्ट में केस डायरी भेजने के एवज में सब-इंस्पेक्टर द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी।

केस डायरी के नाम पर मांगी रकम, ACB तक पहुंची शिकायत

रिश्वत की मांग से परेशान जीवलाल मंडल ने रुपये देने के बजाय पूरे मामले की शिकायत ACB से कर दी। शिकायत मिलने के बाद ब्यूरो ने आरोपों का गोपनीय सत्यापन कराया। सत्यापन में शिकायत सही पाए जाने के बाद ACB ने कार्रवाई की पूरी रणनीति तैयार की।ACB ने विशेष धावा दल का गठन किया और आरोपी पुलिस अधिकारी को रिश्वत लेते पकड़ने के लिए जाल बिछाया। तय योजना के मुताबिक जैसे ही शिकायतकर्ता ने 30 हजार रुपये सब-इंस्पेक्टर पुनीत कुमार गौतम को दिए, मौके पर मौजूद ACB टीम ने तत्काल दबिश दे दी।इसके बाद आरोपी सब-इंस्पेक्टर को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया गया।

कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हलचल
गिरफ्तारी के बाद धनबाद  ACB की टीम आरोपी दारोगा को अपने साथ ले गई, जहां उससे आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई की खबर फैलते ही गिरिडीह पुलिस महकमे और साइबर थाना परिसर में हलचल तेज हो गई।

ACB की इस कार्रवाई ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि सरकारी काम के बदले रिश्वत मांगने वालों पर ब्यूरो की नजर है और शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जा सकती है।

error: Content is protected !!