शादी का झांसा देकर ठगी और लूट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 10 आरोपी गिरफ्तार

 

धनबाद। बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में शादी के नाम पर ठगी और लूटपाट करने वाले एक गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में धनबाद और गिरिडीह जिले के रहने वाले लोग शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से बड़ी संख्या में मोबाइल फोन के साथ-साथ शादी में इस्तेमाल होने वाले कपड़े और अन्य सामान भी बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, पूरा मामला शादी का प्रस्ताव देकर दूसरे राज्य से युवक को धनबाद बुलाने, उससे शादी के नाम पर पैसे और कपड़े खरीदवाने तथा बाद में सुनसान रास्ते में ले जाकर लूटपाट करने से जुड़ा है। शिकायत के बाद बरवाअड्डा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया।

राजस्थान से फोन कर दिया शादी का प्रस्ताव
बताया गया कि बीते 3 सितंबर को सपना नाम की एक महिला ने राजस्थान निवासी रमेश से फोन पर संपर्क किया। महिला ने खुद को परिचित बताते हुए अपनी कथित भतीजी पूजा से रमेश की शादी कराने का प्रस्ताव रखा। शादी का प्रस्ताव मिलने के बाद रमेश इसके लिए तैयार हो गए।इसके बाद 7 सितंबर को रमेश राजस्थान से धनबाद के बरवाअड्डा पहुंचे। यहां पहुंचने के बाद उन्हें शादी की तैयारियों में शामिल किया गया और खरीदारी भी कराई गई।

30 हजार रुपये के कपड़े खरीदवाए
पुलिस के मुताबिक, रमेश से कृष्णा वस्त्रालय से करीब 30 हजार रुपये के कपड़े खरीदवाए गए। इसमें शादी से संबंधित कपड़े शामिल थे। इन सामानों का भुगतान रमेश ने स्वयं किया।
इसके बाद सपना ने शादी कराने के एवज में रमेश से एक लाख रुपये की मांग की। रमेश ने उसकी मांग पर भरोसा करते हुए 40 हजार रुपये ऑनलाइन भुगतान कर दिए।

पूजा की शादी दूसरे युवक से करा दी
आरोप है कि इसके बाद गिरोह के सदस्यों ने रमेश के साथ धोखाधड़ी करते हुए पूजा की शादी राजस्थान से आए इकबाल नाम के युवक से सादे तरीके से करा दी। जब रमेश को इस बात की जानकारी हुई तो उन्होंने इसका विरोध किया और शादी को लेकर सवाल उठाया।इसी दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर रमेश और उसके साथ मौजूद लोगों को पार्टी देने के बहाने गाड़ी में बैठा लिया।

रास्ते में धमकाकर की लूटपाट
आरोप है कि गाड़ी से कुछ दूर जाने के बाद आरोपियों ने रमेश और अन्य लोगों को धमकाना शुरू कर दिया। इसके बाद उनसे 10 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन और महिलाओं के जेवर छीन लिए गए।घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने बरवाअड्डा थाना पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने बरवाअड्डा थाना कांड संख्या 157/2026 दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस ने 10 आरोपियों को दबोचा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने छानबीन तेज की और आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए सभी 10 आरोपी इस गिरोह से जुड़े हुए हैं। इनमें धनबाद और गिरिडीह जिले के रहने वाले आरोपी शामिल हैं।पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से 13 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इसके अलावा शादी के नाम पर खरीदे गए या इस्तेमाल किए गए सामान भी बरामद किए गए हैं।
ये सामान हुए बरामद

पुलिस की कार्रवाई में आरोपियों के पास से—
13 मोबाइल फोन
साड़ी
लहंगा
जींस पैंट
अंग वस्त्र
चूड़ी
शादी से संबंधित अन्य सामान बरामद किए गए हैं।

शादी का झांसा देकर दूसरे राज्यों से बुलाते थे युवक
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह कथित तौर पर शादी का झांसा देकर दूसरे राज्यों के युवकों को धनबाद बुलाता था। इसके बाद शादी की खरीदारी और अन्य खर्च के नाम पर उनसे पैसे लिए जाते थे। बाद में शादी को लेकर विवाद खड़ा कर पीड़ितों को अपने जाल में फंसाया जाता था और मौका देखकर उनके साथ लूटपाट की जाती थी।इस कार्रवाई के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने इससे पहले भी इस तरह की कितनी घटनाओं को अंजाम दिया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और पुराने मामलों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।पुलिस की इस कार्रवाई से शादी के नाम पर ठगी और लूट करने वाले गिरोह में हड़कंप मच गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और गिरोह के नेटवर्क तथा इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

 

error: Content is protected !!