Ranchi:बकरियां चुराकर भागी कार पलटी, मची अफरा-तफरी; ग्रामीण बकरियां ले उड़े, जंगल में भागे कार सवार,जांच में जुटी पुलिस
राँची टाटीसिलवे थाना क्षेत्र के चडरी बाजार स्थित रिंग रोड पर मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब तेज रफ्तार एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद कार में सवार लोग मौके से फरार हो गए। जब आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त कार की तलाशी ली, तो उसके अंदर एक दर्जन से अधिक बकरियां मिलीं। सभी बकरियों के मुंह पर टेप बंधा हुआ था।

मिली जानकारी के अनुसार, कार संख्या जेएच 01 एजी 9453 तेज रफ्तार में रिंग रोड से गुजर रही थी। इसी दौरान चडरी बाजार के पास चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और कार अनियंत्रित होकर पलट गई। अचानक हुए हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े।
ग्रामीणों को अपनी ओर आते देख कार में सवार लोग वाहन से बाहर निकले और पास के जंगल की ओर भाग गए। ग्रामीणों ने उनका पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर सभी मौके से फरार हो गए।
कार के पलटने के बाद जब ग्रामीणों ने उसके अंदर झांककर देखा तो वहां बड़ी संख्या में बकरियां ठूंस-ठूंसकर रखी गई थीं। बताया जा रहा है कि कार में एक दर्जन से अधिक बकरियां थीं। खास बात यह थी कि बकरियों के मुंह पर टेप चिपका हुआ था, जिससे वे आवाज नहीं कर सकें।इस दृश्य को देखकर ग्रामीणों को आशंका हुई कि बकरियों को कहीं से चोरी कर ले जाया जा रहा था। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना टाटीसिलवे पुलिस को दी।
सूचना मिलने के बाद टाटीसिलवे पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही ग्रामीण वहां से सभी बकरियों को लेकर जा चुके थे। मौके पर दुर्घटनाग्रस्त कार ही मिली। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया और उसे टाटीसिलवे थाना ले आई।
अब पुलिस कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर उसके मालिक का पता लगाने में जुटी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वाहन में बरामद हुई बकरियां कहां से लाई जा रही थीं और उन्हें कहां ले जाया जा रहा था।
टाटीसिलवे थाना प्रभारी ने बताया कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बकरियां कहां से लाई जा रही थीं। कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर वाहन मालिक की पहचान की जा रही है। उन्होंने बताया कि अब तक किसी व्यक्ति की ओर से बकरी चोरी को लेकर थाने में लिखित आवेदन नहीं दिया गया है।पुलिस के अनुसार, आवेदन मिलने और जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बकरियां चोरी की थीं या उन्हें किसी अन्य तरीके से ले जाया जा रहा था। फिलहाल पुलिस फरार कार सवारों की पहचान और पूरे मामले की जांच में जुटी है।फिलहाल दुर्घटनाग्रस्त कार पुलिस के कब्जे में है और वाहन मालिक की पहचान के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की उम्मीद है।

