शिकार के लिए विस्फोटक लगाते समय हुआ धमाका, ग्रामीण की हथेली उड़ी,पुलिस कर रही मामले की जांच

पलामू। रामगढ़ थाना क्षेत्र के काचन गांव के पास जंगल में जंगली जीव के शिकार के लिए विस्फोटक लगाने के दौरान हुए धमाके में एक ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। विस्फोट की चपेट में आने से उसकी हथेली बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घायल की पहचान काचन गांव निवासी शनिचरवा राम के रूप में हुई है। घटना के बाद उसे इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।घटना की सूचना मिलने के बाद रामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार,जिस इलाके में यह घटना हुई है, वहां ग्रामीणों द्वारा जंगली जीवों के शिकार के लिए विस्फोटक लगाए जाने की बात सामने आती रही है।

पलामू एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि शनिचरवा राम जंगल में जंगली सूअर के शिकार के लिए पटाखे में विस्फोटक लगाकर उसे तैयार कर रहा था। इसी दौरान अचानक विस्फोट हो गया, जिसकी चपेट में आने से उसकी हथेली उड़ गई।एसपी के मुताबिक, घटना के शुरुआती दौर में घायल ग्रामीण ने पुलिस को बताया था कि वह जंगल में खुखड़ी चुनने के लिए गया था और इसी दौरान विस्फोट हो गया। हालांकि, पुलिस की जांच और पूछताछ आगे बढ़ने पर जंगली जीव के शिकार के लिए विस्फोटक लगाने की बात सामने आई।

इलाके में पहले भी शिकार के लिए विस्फोटक लगाने की चर्चा
स्थानीय स्तर पर बताया जाता है कि रामगढ़ थाना क्षेत्र के जंगलों में कुछ ग्रामीण जंगली जीवों के शिकार के लिए विस्फोटक का इस्तेमाल करते हैं। हालांकि, पुलिस इस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, रामगढ़ क्षेत्र में वर्ष 2012-13 के बाद माओवादी गतिविधियों का प्रभाव पूरी तरह खत्म हो गया था। इसके बाद से इलाके में विस्फोट की इस तरह की कोई बड़ी घटना सामने नहीं आई थी। ऐसे में पुलिस शिकार के लिए विस्फोटक के इस्तेमाल के एंगल से भी मामले की जांच कर रही है।इलाज के बाद अस्पताल में बेड नहीं मिला, बेंच पर बैठा रहा घायल
घटना के बाद घायल शनिचरवा राम को मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल लाया गया। हालांकि, इलाज कराने के बाद उसे अस्पताल में बेड नहीं मिल सका। घायल ग्रामीण अस्पताल की बेंच पर बैठा नजर आया।

शनिचरवा राम ने बताया कि उसे अस्पताल में बेड देने का लगातार आश्वासन दिया जा रहा है, लेकिन काफी देर बाद भी उसे बेड नहीं मिला और वह बेंच पर बैठा रहा।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि विस्फोटक कहां से लाया गया था तथा शिकार के लिए इसका इस्तेमाल किस तरह किया जा रहा था।

error: Content is protected !!