देवघर: नानीघर में बच्चा रखने पर भड़का दामाद, ससुर को चाकू से गोदा; हालत गंभीर
देवघर।जसीडीह थाना क्षेत्र के दर्दमारा चरकीपहाड़ी गांव में सोमवार देर रात पारिवारिक कलह ने खौफनाक रूप ले लिया। 58 वर्षीय जगदंबा मंडल पर उनके ही दामाद ने ताबड़तोड़ चाकू चला दिए। वार इतना तीखा था कि चाकू सीधे सीने को चीरता हुआ फेफड़े तक पहुंच गया (लगभग 3 इंच गहरा, 2 इंच लंबा और 1.5 इंच चौड़ा घाव)। डॉक्टरों के मुताबिक अत्यधिक रक्तस्राव और फेफड़े व पेट के अंदरूनी हिस्सों में गंभीर चोट के कारण मरीज की स्थिति बेहद चिंताजनक है।
अस्पताल में चीख-पुकार, एम्स रेफर
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने खून से लथपथ जगदंबा मंडल को सदर अस्पताल पहुँचाया। प्राथमिक इलाज के बाद ऑन-ड्यूटी डॉक्टर ने जख्म की गहराई को देखते हुए उन्हें बिना देरी किए एम्स (AIIMS) या हायर सेंटर रेफर कर दिया। इस दौरान सदर अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी और परिजनों का आक्रोश देखने को मिला।
विवाद की जड़: नानीघर में रहता बच्चा
जसीडीह पुलिस (एसआई दिनेश राय) की शुरुआती पड़ताल में सामने आया कि पूरा विवाद बच्चे को अपने पास रखने को लेकर था। बच्चा अपने नानीघर में रह रहा था, जिसे लेकर आरोपी दामाद काफी दिनों से खफा था। सोमवार रात इसी बात पर बहस हुई और दामाद ने आपा खोकर ससुर पर जानलेवा हमला कर दिया।फिलहाल जसीडीह पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी है और फरार आरोपी की धरपकड़ के लिए छापेमारी कर रही है।

