राँची में दिनदहाड़े फिल्मी अंदाज में विधायक के बेटे का अपहरण, मचा हड़कम्प,स्कॉर्पियो-थार में आए थे बदमाश

 

राँची। राजधानी राँची में दिनदहाड़े अपहरण की सनसनीखेज घटना सामने आई है। चतरा के विधायक जनार्दन पासवान के बेटे को न्यासराय स्थित एमिटी यूनिवर्सिटी के मुख्य गेट के पास से कथित तौर पर अगवा कर लिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और कई टीमें छात्र की तलाश में जुट गईं।

मिली जानकारी के मुताबिक, जनार्दन पासवान का बेटा राँची स्थित एमिटी यूनिवर्सिटी में पढ़ाई करता है। सोमवार को वह रोज की तरह विश्वविद्यालय पहुंचा था। इसी दौरान कैंपस के मुख्य द्वार के पास पहले से मौजूद कुछ युवकों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि युवकों ने जबरन उसे एक वाहन में बैठाया और मौके से फरार हो गए।प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, आरोपी स्कॉर्पियो और महिंद्रा थार में सवार होकर पहुंचे थे। घटना के बाद परिजनों को इसकी जानकारी दी गई, जिसके बाद चुटिया थाना पुलिस को पूरे मामले से अवगत कराया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी है। छात्र की तलाश में कई पुलिस टीमें अलग-अलग इलाकों में भेजी गई हैं। राँची शहर से बाहर निकलने वाले संभावित रास्तों पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है।

पुलिस एमिटी यूनिवर्सिटी परिसर और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके अलावा उन रास्तों के कैमरों की भी जांच की जा रही है, जिनसे संदिग्ध वाहन भागे होने की आशंका है।राँची के प्रमुख निकास मार्गों, टोल प्लाजा और सीमावर्ती इलाकों में भी वाहनों की जांच और नाकेबंदी की जा रही है। पुलिस संदिग्ध स्कॉर्पियो और थार की तलाश में जुटी है।

जांच के दौरान पुलिस परिजनों से छात्र से जुड़ी किसी पुरानी रंजिश, विवाद या अन्य कारणों के बारे में जानकारी जुटा रही है। साथ ही छात्र के दोस्तों और परिचितों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना के पीछे की वजह और आरोपियों तक पहुंचने के लिए कोई सुराग मिल सके।फिलहाल पुलिस मामले की जांच तकनीकी और खुफिया इनपुट के आधार पर आगे बढ़ा रही है। छात्र को सुरक्षित बरामद करना पुलिस की प्राथमिकता है। घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर और आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।

One thought on “राँची में दिनदहाड़े फिल्मी अंदाज में विधायक के बेटे का अपहरण, मचा हड़कम्प,स्कॉर्पियो-थार में आए थे बदमाश”

Comments are closed.

error: Content is protected !!