राँची के कडरू से हथियार के बल युवक का अपहरण, तीन घंटे में पुलिस ने नगड़ी से छुड़ाया; नग्न हालत में मिला पीड़ित

–लड़की से जुड़े पुराने विवाद में बदला लेने का आरोप, मारपीट के बाद बनाया नग्न वीडियो; दलादिली में पुलिस ने घेराबंदी कर बचाई जान

राँची। राजधानी राँची में रविवार की देर रात लड़की से जुड़े पुराने विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। अरगोड़ा थाना क्षेत्र के कडरू इलाके से हथियार के बल पर बदमाशों के एक गुट ने एक युवक का कथित तौर पर अपहरण कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही राँची पुलिस ने जिस तेजी से कार्रवाई की, उससे करीब तीन घंटे के भीतर युवक को अपहरणकर्ताओं के चंगुल से सकुशल बरामद कर लिया गया।बताया जाता है कि रविवार देर रात करीब एक बजे हथियारबंद बदमाशों ने कडरू इलाके से युवक को जबरन अपने कब्जे में ले लिया। घटना के बाद परिजन घबराए हुए पुलिस के पास पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी दी। मामला गंभीर होने के कारण एसएसपी राकेश रंजन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए स्पेशल टीम गठित कर दी।

टेक्निकल इनपुट के आधार पर शुरू हुई छापेमारी
सिटी एसपी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने टेक्निकल इंटेलिजेंस और त्वरित सूचना तंत्र के जरिए संदिग्ध ठिकानों की जानकारी जुटानी शुरू की। पुलिस टीम ने राँची के अलग-अलग इलाकों में लगातार दबिश दी। इसी दौरान पुलिस को युवक के नगड़ी इलाके में होने का सुराग मिला।पुलिस ने दलादिली इलाके में घेराबंदी कर दी और करीब दो घंटे के भीतर युवक तक पहुंच गई। पुलिस की कार्रवाई होते ही अपहरणकर्ताओं के बीच हड़कंप मच गया। मौके से पुलिस ने पीड़ित युवक को अपने कब्जे में लेकर सुरक्षित बाहर निकाला।

नग्न हालत में मिला युवक, बेरहमी से की गई थी मारपीट
पुलिस जब दलादिली पहुंची तो वहां का दृश्य बेहद चौंकाने वाला था। युवक नग्न अवस्था में मिला। आरोप है कि अपहरणकर्ताओं ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की थी। इतना ही नहीं, उसकी नग्न अवस्था का वीडियो भी बनाया गया।युवक के साथ किए गए कथित अमानवीय व्यवहार के बाद पुलिस ने उसे तत्काल अपनी सुरक्षा में लिया। उसकी चिकित्सकीय जांच और आवश्यक उपचार के लिए भेजा गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वीडियो किसने बनाया और उसे किसी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किया गया है या नहीं।

चार महीने पुरानी रंजिश में वारदात की आशंका
पुलिस की प्रारंभिक जांच में वारदात के पीछे लड़की से जुड़ा पुराना विवाद और आपसी रंजिश सामने आई है। बताया जा रहा है कि पीड़ित युवक और आरोपी पक्ष के बीच पिछले कई महीनों से विवाद चल रहा था।करीब चार महीने पहले भी पीड़ित युवक ने सदर थाना में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट की घटना भी हुई थी। पुलिस को आशंका है कि इसी पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए रविवार की रात युवक का अपहरण किया गया।

कई संदिग्ध हिरासत में, बाकी आरोपियों की तलाश
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कुछ संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है। उनसे पूरे घटनाक्रम को लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अपहरण की साजिश में कौन-कौन लोग शामिल थे और युवक को कडरू से दलादिली तक कैसे ले जाया गया।फिलहाल पुलिस की छापेमारी जारी है। घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस नग्न वीडियो बनाए जाने और युवक के साथ किए गए कथित अमानवीय व्यवहार को भी जांच का अहम हिस्सा मान रही है।राँची पुलिस की त्वरित कार्रवाई से जहां युवक की जान बच गई, वहीं अब पुलिस के सामने इस पूरी साजिश में शामिल सभी आरोपियों तक पहुंचने और घटना के पीछे की पूरी कहानी उजागर करने में जुटी है।

error: Content is protected !!