राँची के डोरंडा में ताबड़तोड़ फायरिंग से मचा हड़कंप, जावेद अनवर को बनाया निशाना; पुरानी रंजिश में गोलीबारी का आरोप…

 

राँची।राजधानी राँची के डोरंडा थाना क्षेत्र के धोबी मुहल्ला स्थित उर्दू लाइब्रेरी के पास रविवार रात को हुई ताबड़तोड़ फायरिंग के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि अपराधियों ने जावेद अनवर नामक व्यक्ति को निशाना बनाकर कई राउंड फायरिंग की। अचानक गोलियों की आवाज से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।


घटना की सूचना मिलते ही डोरंडा थाना सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास छानबीन करने के साथ ही फायरिंग में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है।पुलिस ने घटना स्थल से आधा दर्जन खोखा बरामद किया है।

इधर,फायरिंग की घटना के बाद जावेद अनवर नामक व्यक्ति ने अपना पक्ष सामने रखा है। अपने बयान में उन्होंने घटना को पुरानी रंजिश से जोड़ते हुए गोली चलाने वालों के बारे में पुलिस को जानकारी दी है।जावेद अनवर ने संजर, अफाक और छोटू गद्दी पर गोली चलाने का आरोप लगाया है।जावेद अनवर के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच काफी समय से विवाद चला आ रहा है और इसी विवाद को लेकर पहले भी डोरंडा थाने में एफआईआर दर्ज हो चुकी है।

जावेद अनवर ने अपने बयान में जिन तीन लोगों के नाम भी लिए हैं और आरोप लगाया है कि उन्हीं लोगों की ओर से उन्हें निशाना बनाकर फायरिंग की गई। पुलिस अब जावेद अनवर के बयान में बताए गए नामों और आरोपों का सत्यापन कर रही है। जांच के दौरान यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना के समय मौके पर कौन-कौन मौजूद था।सीसीटीवी फुटेज खंगाला जा रहा है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों गुटों के बीच विवाद कोई नया नहीं है। पुरानी रंजिश को लेकर दोनों पक्षों की ओर से पहले भी डोरंडा थाने में एक-दूसरे के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी है। इसी पुराने विवाद के कारण पुलिस फायरिंग की घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच कर रही है।

जांच में यह बात भी सामने आई है कि फायरिंग में शामिल बताए जा रहे व्यक्ति का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले जेल जा चुका है। बताया जा रहा है कि कुछ माह पहले ही वह जेल से बाहर आया था। पुलिस अब उसके पुराने मामलों और वर्तमान विवाद में उसकी भूमिका की भी जांच कर रही है।

फायरिंग की इस घटना के तार कुछ वर्ष पहले हुए एक हत्याकांड से भी जुड़े होने की बात सामने आ रही है। पुलिस इस एंगल को भी जांच में शामिल कर रही है। पुराने हत्याकांड के बाद दोनों पक्षों के बीच पैदा हुए विवाद और उसके बाद दर्ज मामलों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि रविवार को हुई फायरिंग के पीछे तत्काल वजह क्या थी और क्या यह पहले से चली आ रही रंजिश का ही नतीजा है।

आरोपियों की पहचान का दावा, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, फायरिंग की घटना में शामिल आरोपियों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के आधार पर भी आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। जावेद अनवर के बयान में लगाए गए आरोपों का सत्यापन भी किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही फायरिंग की घटना की पूरी वजह और इसमें शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।

error: Content is protected !!