पहले गला घोंटकर हत्या, फिर जंगल में दफनाया शव; आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने निकाला

 

बोकारो। सेक्टर-12 थाना क्षेत्र से मजदूरी करने निकली महिला की हत्या कर शव को जंगल में दफनाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के मोहनडीह बलियाबाद स्थित जंगल में जमीन की खुदाई कर महिला का क्षत-विक्षत शव बरामद किया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए राँची से एसएसएल (साइंटिफिक सपोर्ट लेबोरेटरी) की टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य व नमूने एकत्र किए।

मृतका की पहचान डांगरा भट्ठा टोला निवासी केशोवति देवी के रूप में हुई है। बताया गया कि वह 4 सितंबर को रोज की तरह मजदूरी करने के लिए घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो उसके बेटे ढुल्लू शर्मा ने सेक्टर-12 थाना में महिला के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज करायी।

गुमशुदगी की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए महिला की तलाश शुरू की। पुलिस ने महिला के साथ काम करने वाले दो मजदूरों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान मोहनडीह निवासी मुस्तकीम अंसारी से कड़ाई से पूछताछ की गयी तो उसने कथित तौर पर हत्या की बात स्वीकार कर ली।

पुलिस के अनुसार, मुस्तकीम अंसारी ने बताया कि वह महिला को अपने गांव मोहनडीह के जंगल की ओर लेकर गया था। वहां 4 सितंबर को ही कथित रूप से गला घोंटकर केशोवति देवी की हत्या कर दी गयी। हत्या के बाद शव को तत्काल पूरी तरह दफनाने के बजाय जंगल में छिपा दिया गया।इसके बाद 7 सितंबर को जमीन की खुदाई कर शव को दफना दिया गया। कई दिनों तक शव जमीन में दबा रहा। इस दौरान जंगली जानवरों द्वारा शव को नोचे जाने के कारण वह क्षत-विक्षत अवस्था में मिला।

आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम उसे लेकर मोहनडीह बलियाबाद के जंगल पहुंची। आरोपी द्वारा बतायी गयी जगह पर पुलिस ने जमीन की खुदाई शुरू करायी। काफी मशक्कत के बाद जमीन के भीतर से महिला का शव बरामद किया गया।
शव की स्थिति बेहद खराब थी। घटनास्थल पर पहुंची एसएसएल की टीम ने भी जांच की और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। टीम ने घटनास्थल और शव से संबंधित विभिन्न नमूने एकत्र किए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा जाएगा। पुलिस को उम्मीद है कि वैज्ञानिक जांच से हत्या की परिस्थितियों और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं को स्पष्ट करने में मदद मिलेगी।

सिटी डीएसपी ने बताया कि आरोपी मुस्तकीम अंसारी ने महिला की हत्या करने और शव को जंगल में छिपाने की बात स्वीकार की है। आरोपी के अनुसार, 4 सितंबर को महिला की गला घोंटकर हत्या की गयी थी और बाद में 7 सितंबर को जमीन खोदकर शव को दफना दिया गया।

डीएसपी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण और हत्या के तरीके को लेकर स्थिति और स्पष्ट होगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि वारदात में आरोपी के साथ कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं।
महिला के अचानक लापता होने के बाद पुलिस की जांच गुमशुदगी से शुरू हुई थी, लेकिन पूछताछ में हत्या का राज खुलने के बाद मामला गंभीर आपराधिक घटना में बदल गया। अब पुलिस हत्या के पीछे की वजह, आरोपी और मृतका के बीच संबंध तथा वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

 

error: Content is protected !!