खौफनाक साजिश: “गाड़ी रोकी तो गोलियों से छल्ली कर देंगे”— गौतस्करों पर कार्रवाई से बौखलाए अपराधियों ने बजरंग दल कार्यकर्ता को दी धमकी, मांगी 2 लाख की रंगदारी

राँची।राजधानी में बेखौफ गौतस्करों और अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब वे कानून का डर भूलकर खुलेआम घर में घुसकर गोलियों से भूनने की धमकियां दे रहे हैं। गौ-तस्करी पर हुई कार्रवाई से बौखलाए अपराधियों ने अब सीधे जंग का ऐलान कर दिया है। ताजा मामला चुटिया थाना क्षेत्र का है, जहां बजरंग दल कार्यकर्ता सह युवा समाजसेवी विक्रम साहू को फोन पर गोलियों से छल्ली करने की सनसनीखेज धमकी दी गई है। इतना ही नहीं, जेल से छूटकर आए दुस्साहसी अपराधी ने बेखौफ अंदाज में 2 लाख रुपये की रंगदारी की भी मांग की है।

दम है तो रोक कर दिखाओ, सीधे गोली मारेंगे”

पक्का कुआँ मिडिल चुटिया निवासी 27 वर्षीय विक्रम कुमार साहू (पिता- स्व. हीरा साहू) के मोबाइल पर बीते 5 सितंबर 2026 की शाम करीब 06:04 बजे एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। फोन करने वाले ने खुद की पहचान ‘शुभम तिवारी’ के रूप में बताई। कॉलर ने आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और पूछा कि क्या उसने कुछ दिन पहले नामकुम क्षेत्र से उमेश यादव की अवैध गायों को पकड़ा था? विक्रम साहू द्वारा अवैध तस्करी के विरोध की बात स्वीकारते ही अपराधी आपे से बाहर हो गया।

जेल से निकलते ही मांगी 2 लाख की रंगदारी

खुद को हाल ही में जेल से छूटकर बाहर आया बताने वाले शुभम तिवारी ने विक्रम को सीधे चेतावनी देते हुए कहा, “तुम हम लोगों के काम में बहुत ज्यादा बाधा उत्पन्न कर रहे हो। इस बार फिर गाय लेकर जाएंगे तो तुम्हें खुद सूचना देंगे, अगर दम होगा तो रोक कर दिखाना, वहीं मारे जाओगे। तुम चुटिया में रहते हो ना, मार-मारकर गोलियों से छल्ली कर देंगे।” इसके साथ ही अपराधी ने धमकी दी कि नामकुम थाना में दर्ज केस संख्या 202/26 के एवज में जो उसकी गाय और गाड़ी का नुकसान हुआ है, उसके बदले विक्रम को 2 लाख रुपये देने होंगे। धमकी में स्पष्ट कहा गया कि अगर जिंदा रहना है तो पैसे देने होंगे, वरना जान से हाथ धोना पड़ेगा।

दहशत में परिवार, चुटिया थाने में शिकायत दर्ज

इस खौफनाक कॉल और सरेआम मिली जान से मारने की धमकी के बाद पीड़ित विक्रम साहू और उनका पूरा परिवार गहरे खौफ के साए में है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़ित ने चुटिया थाना में लिखित आवेदन देकर नामजद शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से अपराधी शुभम तिवारी औऱ उसके गौ-तस्करी गिरोह पर तत्काल कड़ा एक्शन लेने और अपने परिवार के लिए सुरक्षा की गुहार लगाई है। पुलिस लिखित शिकायत के आधार पर मामले की जांच और आरोपी की गिरफ्तारी में जुट गई है।

दरअसल,31 जुलाई को नामकुम पुलिस ने बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए गोवंशीय पशुओं से लदे दो वाहनों को जब्त किया है। दोनों वाहनों से कुल 15 गोवंशीय पशु बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, पशुओं को वाहनों में ठूंस-ठूंसकर भरा गया था, जिससे दो पशुओं की मौत हो गई।मामले में वाहन चालक उमेश यादव व सुमन कुमार तथा कथित तस्कर संजय कुमार और अरशद कुरैशी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक अरशद कुरैशी कांटाटोली का रहने वाला है, जबकि अन्य तीन आरोपी पंडरा स्थित फ्रेंड्स कॉलोनी के निवासी हैं।बताया गया कि बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को तमाड़ से गोवंशीय पशुओं को वाहनों में लादकर राँची लाए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद नामकुम बाजार में जांच अभियान चलाया गया, जहां जेएच-01जीएस-7116 और जेएच-01एफपी-7181 नंबर के दोनों वाहनों को रोककर तलाशी ली गई। कार्रवाई के दौरान एक वाहन दूसरे रास्ते से फरार हो गया।
नामकुम थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर रामनारायण सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

error: Content is protected !!