खरसावां थाना प्रभारी के चैंबर में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, कई महत्वपूर्ण केस फाइलें जलकर खाक

​सरायकेला-खरसावां स्थित खरसावां थाना परिसर में सोमवार की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब थाना प्रभारी राहुल सिंह के चैंबर से अचानक घना धुआं और तेज लपटें उठने लगीं। सुबह करीब आठ से साढ़े आठ बजे के बीच हुए इस हादसे का कारण सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर बना, जिसमें अचानक हुए शार्ट सर्किट से निकली चिंगारी ने देखते ही देखते उग्र रूप धारण कर लिया। चैंबर में रखे सीसीटीवी मॉनिटर के साथ-साथ आग ने आसपास फैली विभिन्न मामलों की फाइलों और गोपनीय दस्तावेजों को अपनी चपेट में ले लिया।

​कमरे से धुआं निकलता देख थाना परिसर में मौजूद पुलिसकर्मियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी राहुल सिंह खुद अन्य पुलिसकर्मियों के साथ मोर्चे पर डटे और बाल्टियों व उपलब्ध साधनों की मदद से आग पर काबू पाने की मशक्कत में जुट गए। जवानों की मुस्तैदी से आग को पूरे थाने में फैलने से रोक लिया गया, लेकिन तब तक चैंबर में रखीं कई महत्वपूर्ण केस फाइलें, जांच से जुड़े सरकारी कागजात और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जलकर पूरी तरह खाक हो चुके थे।

​इस अगलगी के बाद अब पुलिस महकमा नुकसान का सटीक आकलन करने में जुटा है। अधिकारी यह पता लगा रहे हैं कि किन-किन संवेदनशील और आपराधिक मुकदमों के दस्तावेज इस घटना की भेंट चढ़े हैं, ताकि उनका बैकअप या पुनर्निर्माण किया जा सके। इसके साथ ही थाने में हुए इस शार्ट सर्किट के तकनीकी कारणों की भी गहन जांच की जा रही है।

error: Content is protected !!