निखार हत्याकांड में पुलिस के हाथ लगा अहम सुराग, अभिमन्यु सिंह गिरफ्तार

सरायकेला। आसनबनी के टेंथ माइल होटल में कारोबारी निखार सबलोक की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने एक और बड़ी कड़ी जोड़ ली है। पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां पुलिस की संयुक्त एसआइटी ने कुख्यात अपराधी अभिमन्यु सिंह उर्फ सिंटू सिंह (40) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की निशानदेही पर घटना से जुड़े कई अहम सामान बरामद हुए हैं, जिनमें बजाज एवेंजर बाइक, दो मोबाइल फोन और एक लोडेड देसी पिस्टल शामिल है।

अभिमन्यु सिंह को सात सितंबर को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर बरामद पिस्टल की जांच की तो उसमें एक जिंदा कारतूस भी मिला। मंगलवार को आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

24 अगस्त को आसनबनी स्थित टेंथ माइल होटल में जमशेदपुर के कारोबारी निखार सबलोक (33) को अपराधियों ने गोली मार दी थी। गंभीर हालत में उन्हें टीएमएच जमशेदपुर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।घटना के बाद मृतक के पिता संजीव सबलोक के बयान पर 25 अगस्त को चांडिल थाना में मामला दर्ज किया गया। केस में बीएनएस की धारा 103(1)/61(2) और आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत कार्रवाई शुरू हुई।

सीसीटीवी से लेकर तकनीकी जांच तक, ऐसे आगे बढ़ी पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोल्हान क्षेत्र के डीआइजी के निर्देश पर पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां पुलिस की संयुक्त एसआइटी बनाई गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।

जांच के दौरान पुलिस ने राँची से घटना में इस्तेमाल की गई लाल रंग की हुंडई आइ-10 कार (JH05AN5503) भी बरामद की थी। इस मामले में अभिमन्यु सिंह की गिरफ्तारी से पहले छह आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस को अभिमन्यु सिंह की निशानदेही पर बजाज एवेंजर मोटरसाइकिल (JH01FF-0779), दो मोबाइल फोन और देसी पिस्टल मिली है। पिस्टल लोडेड थी और उसकी मैगजीन में एक जिंदा गोली बरामद हुई।अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद बाइक और हथियार का वारदात में किस तरह इस्तेमाल हुआ और घटना से जुड़े अन्य आरोपियों तक पहुंचने में इन बरामद वस्तुओं से क्या अहम सुराग मिलते हैं।

पुलिस के अनुसार अभिमन्यु सिंह का आपराधिक इतिहास काफी पुराना है। उसके खिलाफ बोड़ाम, मानगो, ओल्डीह और आदित्यपुर थाना क्षेत्रों में हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं।आदित्यपुर थाना कांड संख्या 137/16 में उसके खिलाफ हत्या और आर्म्स एक्ट से संबंधित मामला दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। ओल्डीह थाना क्षेत्र में भी उसके खिलाफ हत्या के प्रयास और हथियार से जुड़े कई मामले दर्ज बताए गए हैं।

निखार सबलोक हत्याकांड में छह आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अभिमन्यु सिंह की गिरफ्तारी को जांच की अहम कड़ी माना जा रहा है। हालांकि पुलिस की कार्रवाई अभी खत्म नहीं हुई है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।

एसआइटी अब गिरफ्तार आरोपियों से मिले सुराग, सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य, बरामद हथियार और वाहनों को जोड़कर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां तलाश रही है। पुलिस का दावा है कि जांच आगे बढ़ने के साथ हत्याकांड से जुड़े और भी तथ्य सामने आ सकते हैं।

error: Content is protected !!