हजारीबाग:महिला से अवैध-सम्बंध के विवाद में राजमिस्त्री की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार

​हजारीबाग।झारखण्ड के हजारीबाग जिले में एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला कर रख दिया है। कटकमसांडी थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव में अवैध संबंध के विवाद को लेकर 45 वर्षीय राजमिस्त्री जागेश्वर भुइयां की लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस खूनी हमले में एक महिला भी गंभीर रूप से घायल हुई है, जिसे बेहद नाजुक हालत में इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

रात के अंधेरे में रचा गया खौफनाक खेल

​वारदात 6 सितंबर की रात की है। शाहपुर निवासी जागेश्वर भुइयां पास के ही माडीगढ़ा गांव में एक मकान में प्लास्टर का काम करने गए थे। जब देर रात तक वे घर वापस नहीं लौटे, तो परिजन अनहोनी की आशंका में उनकी खोजबीन करने लगे। रात लगभग 10 बजे परिजनों को खबर मिली कि कुछ लोग जागेश्वर के साथ मारपीट कर रहे हैं। खबर मिलते ही परिजन बदहवास होकर मौके पर पहुंचे, तो वहां का मंजर देखकर उनके रोंगटे खड़े हो गए। कुछ दबंग लोग जागेश्वर को घेरकर ईंट-पत्थरों और लाठी-डंडों से बेदर्दी से पीट रहे थे।

चीख-पुकार के बीच धमकियां और फिर मौत

​परिजनों ने गिड़गिड़ाते हुए जागेश्वर की जान बख्शने की गुहार लगाई, लेकिन हमलावरों का दिल नहीं पसीजा। आरोपियों ने बीच-बचाव करने आए परिजनों को भी सीधे जान से मारने की धमकी दे डाली। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुटने लगी, जिसके बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। परिजन खून से लथपथ जागेश्वर को तुरंत कटकमसांडी अस्पताल लेकर भागे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

एसआईटी का कड़ा एक्शन: दो आरोपी सलाखों के पीछे

​इस जघन्य हत्याकांड के बाद मृतक की पत्नी फूलमती देवी के बयान पर कटकमसांडी थाने में केस नंबर 140/26 दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अमन कुमार के निर्देश पर मुख्यालय डीएसपी ज्ञान रंजन की अगुवाई में एक विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई।

​एसआईटी ने ताबड़तोड़ छापेमारी करते हुए दो मुख्य आरोपियों मंगरा कच्छप उर्फ गुमन कच्छप और रतन कुजूर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि हत्या की असल वजह एक महिला के साथ मृतक का अवैध संबंध था। पुलिस ने आरोपियों के पास से हत्या में इस्तेमाल किए गए लाठी-डंडे और एक मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस वारदात में शामिल अन्य फरार आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

error: Content is protected !!