महिला के साथ युवक को देख भड़के ग्रामीण,बनाया बंधक, छुड़ाने पहुंची पुलिस पर पथराव; थाना प्रभारी घायल

चतरा।झारखण्ड के चतरा जिला में टंडवा थाना क्षेत्र अन्तर्गत डहू पंचायत के सिदपा में पुलिस और ग्रामीणों के बीच झडप में इंस्पेक्टर पप्पू शर्मा घायल,। एक युवक को छुड़ाने के दौरान घटी घटना। रात में डीएसपी प्रभात रंजन के नेतृत्व में सिदपा पुलिस छावनी में तब्दील हो गया।दरअसल,एक प्रेमी जोड़े को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक हो गया। युवक और महिला को ग्रामीणों द्वारा कथित तौर पर पकड़े जाने के बाद गांव में तनाव फैल गया। ग्रामीणों ने युवक को एक घर में बंद कर दिया। इसी दौरान कुछ लोगों ने कथित रूप से घर की एस्बेस्टस छत तोड़कर युवक को बाहर निकालने की कोशिश की। मामला बिगड़ता देख पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन भीड़ ने पुलिस टीम पर ही पथराव शुरू कर दिया।पथराव में टंडवा थाना प्रभारी पप्पू शर्मा के सिर में गंभीर चोट लगी। घायल थाना प्रभारी को तत्काल एनटीपीसी के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

बताया जा रहा है कि युवक को एक महिला के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखे जाने के बाद ग्रामीणों ने उसे पकड़कर एक घर में बंद कर दिया था। इसके बाद गांव में लोगों की भीड़ जुटने लगी।आरोप है कि कुछ उपद्रवी घर की एस्बेस्टस छत तोड़कर अंदर बंद युवक को बाहर निकालने और युवक को कथित तौर पर दंड देने की कोशिश कर रहे थे।घटना की सूचना मिलने पर टंडवा थाना प्रभारी पप्पू शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने युवक-युवती को ग्रामीणों के कब्जे से मुक्त कराने की कोशिश की। इसी दौरान भीड़ उग्र हो गई और पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया गया।

स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने आत्मरक्षा और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए तीन राउंड हवाई फायरिंग किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने कहा है कि हवाई फायरिंग की वास्तविक स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

पुलिस ने युवक को अपने कब्जे में लेने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों के विरोध के कारण तत्काल उसे अपने साथ नहीं ले जा सकी। हालांकि देर रात पुलिस ने कार्रवाई करते हुए युवक और महिला को मुक्त कराया ।बताया जा रहा है कि युवक के साथ दो अन्य लोग भी मौजूद थे, जो पुलिस के पहुंचने के बाद मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। वरीय अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने थाना प्रभारी के घायल होने की पुष्टि की है।पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।पुलिस-प्रशासन ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।

 

error: Content is protected !!