जमीन दखल-देहानी के दौरान झुलसी महिला की मौत,राँची में इलाज के दौरान तोड़ा दम

 

चतरा/राँची। जमीन पर दखल-देहानी के दौरान दो सितंबर को पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने की घटना में गंभीर रूप से झुलसी रीना देवी (पति स्व. नरेश प्रसाद कसेरा) की इलाज के दौरान मौत हो गयी। राँची के देवकमल अस्पताल में इलाजरत रीना देवी ने मंगलवार की शाम करीब चार बजे दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, शहर के केशरी चौक स्थित गौरक्षणी के सामने न्यायालय के आदेश पर जमीन पर दखल-देहानी कराने के लिए प्रशासनिक और पुलिस टीम पहुंची थी। कार्रवाई के दौरान जमीन पर पहले से रह रहे लोगों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। इसी बीच पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने की घटना हुई, जिसकी चपेट में रीना देवी आ गयीं।महिला को बचाने के प्रयास में उनका पुत्र धीरज कुमार और सदर थाना के एएसआई प्रवीण कुमार भी झुलस गये थे। घटना के बाद रीना देवी को गंभीर हालत में सदर अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी स्थिति गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए राँचीरेफर कर दिया। इसके बाद उन्हें देवकमल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कई दिनों तक इलाज चलने के बाद मंगलवार को उनकी मौत हो गयी।

बता दें घटना को लेकर सदर थाना में मामला दर्ज कराया गया है। दखल-देहानी कराने पहुंची टीम के दंडाधिकारी सह हंटरगंज सीओ रितिक कुमार तथा मारवाड़ी मुहल्ला निवासी प्रदीप कुमार अग्रवाल ने अलग-अलग आवेदन देकर पुलिस से शिकायत की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

error: Content is protected !!