राँची के बड़ा तालाब के किनारे सुबह-सुबह मिली युवक की लाश; मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस

राँची। राजधानी राँची में मंगलवार की सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब कोतवाली थाना क्षेत्र के बड़ा तालाब के समीप एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। सुबह टहलने निकले स्थानीय लोगों की नजर शव पर पड़ी, जिसके बाद देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

मृतक की पहचान कर्बला चौक इलाके के सरवर के रूप में हुई है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है। शव संदिग्ध अवस्था में मिलने के कारण पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

इधर, पुलिस ने मृतक के परिजनों से भी घटना के संबंध में जानकारी ली है। घटनास्थल और आसपास के इलाकों की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। साथ ही पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक आखिरी बार कब और किसके साथ देखा गया था।

 

error: Content is protected !!