अंधविश्वास ने ली बुजुर्ग महिला की जान, बेटी घायल; पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 महिला को किया गिरफ्तार, एक नाबालिग निरुद्ध
दुमका।झारखण्ड के दुमका जिले के तालझारी थाना क्षेत्र अंतर्गत नेमानीपाथर गांव में अंधविश्वास के कारण एक 85 वर्षीय बुजुर्ग महिला ढेंगी मुर्मू की लाठियों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, जबकि उन्हें बचाने आई उनकी बेटी सुरजमनी हांसदा घायल हो गईं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल छह महिलाओं को जेल भेज दिया है और एक किशोरी को निरुद्ध किया है।
इस वारदात की वजह गांव में फैली अंधविश्वास की अफवाह बनी। तीन दिन पहले गांव में बीमारी के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और उसके परिवार के दो अन्य लोग बीमार पड़ गए थे। इसके बाद ग्रामीणों के बीच यह अफवाह फैला दी गई कि ढेंगी मुर्मू के जादू-टोने की वजह से यह हादसा हुआ है। इसी वहम में शुक्रवार की रात गांव की ही छह महिलाएं और एक किशोरी लाठी-डंडे लेकर बुजुर्ग महिला के घर में दाखिल हुईं और उन पर जानलेवा हमला बोल दिया। मां को बचाने पहुंची बेटी पर भी हमला किया गया, जिससे वह घायल हो गई, जबकि गंभीर चोट लगने के कारण वृद्ध महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही तालझारी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और घायल बेटी को इलाज के बाद घर भिजवाया। शनिवार सुबह पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी महिलाओं मकोदी हांसदा, रनिया हांसदा, छितामुनि हांसदा, शांति मुर्मू, फूलमनी सोरेन और लोगाई हांसदा को गिरफ्तार कर लिया और हत्या में इस्तेमाल लाठियां बरामद कर लीं। थाना प्रभारी संगम पाठक के मुताबिक, डायन-बिसाही प्रतिषेध अधिनियम और हत्या का मामला दर्ज कर सभी बालिग आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

