पुलिस कस्टडी से सनसनीखेज फरारी….मुखिया ने अफसर को दिया धक्का और पलक झपकते ही हो गया गायब…
गिरिडीह।घर में घुसकर मारपीट, धमकी देने और महिला को निर्वस्त्र करने के आरोप में गिरफ्तार पंचायत मुखिया पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। हैरान करने वाली घटना गिरिडीह नगर थाना क्षेत्र के कचहरी परिसर में सामने आई। मेडिकल जांच के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश करने ले जाया जा रहा था, तभी उसने साथ चल रहे पुलिस पदाधिकारी को धक्का दिया और पहले से तैयार खड़ी बोलेरो में बैठकर फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।फरार आरोपी की पहचान विनोद साव के रूप में हुई है। वह स्थानीय पंचायत का मुखिया बताया जा रहा है। पुलिस ने फरारी में इस्तेमाल की गई बोलेरो को जब्त कर लिया है, लेकिन मुख्य आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
जानकारी के अनुसार, जमुआ थाना के नवडीहा ओपी में दर्ज कांड संख्या 218/26 के मामले में विनोद साव के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे ताराटांड़ से गिरफ्तार किया था।गिरफ्तारी के बाद गुरुवार शाम पुलिस टीम आरोपी को लेकर गिरिडीह पहुंची। इस दौरान मेडिकल जांच कराने के लिए उसे सदर अस्पताल ले जाया गया। जांच पूरी होने के बाद पुलिस उसे न्यायालय में पेश करने के लिए ले जा रही थी।
बताया जा रहा है कि अस्पताल से निकलने के बाद कोर्ट में पेशी के लिए ले जाए जाने के दौरान विनोद साव ने अचानक पुलिस पदाधिकारी को जोरदार धक्का दे दिया। धक्का लगते ही पुलिस पदाधिकारी जमीन पर गिर पड़े। इसी दौरान मौके का फायदा उठाकर आरोपी वहां पहले से तैयार खड़ी बोलेरो में सवार हुआ और फरार हो गया।
बताया जा रहा है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद से ही एक बोलेरो पुलिस टीम के पीछे-पीछे चल रही थी। पुलिस को शक है कि इसी वाहन का इस्तेमाल आरोपी को भगाने में किया गया। पुलिस ने बाद में बोलेरो को जब्त कर लिया।
घटना के बाद मामले के अनुसंधानकर्ता रामकिशोर पाल ने इसकी जानकारी नवडीहा ओपी प्रभारी को दी। इसके बाद जमुआ इंस्पेक्टर प्रदीप दास को सूचना दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए गिरिडीह एसपी डॉ. बिमल कुमार और खोरीमहुआ एसडीपीओ को भी घटना की जानकारी दी गई।एसपी ने फरार आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने का निर्देश दिया है। इसके बाद पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी की गिरफ्तारी ओपी प्रभारी के नेतृत्व वाली टीम ने की थी। गिरफ्तारी के बाद उसे कोर्ट परिसर लाया गया था। इस दौरान ओपी प्रभारी कोर्ट परिसर में मौजूद थे, जबकि अनुसंधानकर्ता रामकिशोर पाल आरोपी को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल लेकर गए थे। मेडिकल के बाद वापस कोर्ट ले जाने के दौरान ही आरोपी फरार हो गया।
जमुआ सर्किल इंस्पेक्टर प्रदीप दास ने बताया कि मारपीट के मामले में नवडीहा ओपी पुलिस ने विनोद साव को गिरफ्तार किया था। मेडिकल जांच के बाद उसे न्यायाधीश के समक्ष पेश करने के लिए ले जाया जा रहा था, इसी दौरान वह फरार हो गया। पूरे मामले की जानकारी वरीय अधिकारियों को दे दी गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधिकारी ने दावा किया कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
फिलहाल पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी के फरार होने की पूरी योजना क्या पहले से तैयार थी और बोलेरो में उसके साथ कौन-कौन लोग मौजूद थे। साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि गिरफ्तारी के बाद से बोलेरो लगातार पुलिस टीम के पीछे कैसे पहुंची।

