राँची के रातू में सामूहिक दुष्कर्म मामले का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार और दो नाबालिग निरुद्ध
राँची।राजधानी राँची के रातू थाना क्षेत्र में करमा पर्व की रात युवती के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष अनुसंधान दल ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो नाबालिगों को निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार मोबाइल में घटना से संबंधित साक्ष्य मिले हैं।
मामला रातू थाना कांड संख्या 326/26, दिनांक 26 सितंबर 2026 से संबंधित है। पुलिस के मुताबिक 26 सितंबर को पीड़िता ने रातू थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि 22 सितंबर की रात करमा पर्व के दौरान तीन-चार अज्ञात युवकों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।
ग्रामीण एसपी के निर्देशन में गठित हुई विशेष टीम
कांड की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन में पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) द्वितीय के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल का गठन किया। टीम ने मामले की जांच के दौरान मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों को आधार बनाया और संदिग्धों तक पहुंचने के बाद कार्रवाई की।पुलिस के अनुसार जांच के क्रम में मामले में संलिप्तता के आरोप में संदीप मुंडा उर्फ रावन और सुनील मुंडा को विधिवत गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा दो नाबालिगों को निरुद्ध किया गया है।
पूछताछ में आरोपियों ने घटना में संलिप्तता स्वीकार करने की बात पुलिस ने कही
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों और निरुद्ध नाबालिगों से पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान पुलिस ने उनके द्वारा घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार किए जाने की बात कही है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने बताया कि वे रातू थाना क्षेत्र के चटकपुर पंचायत में आयोजित करमा पूजा मेला देखकर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उन्होंने पीड़िता को मोबाइल पर बात करते हुए जाते देखा।पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने मौका देखकर पीड़िता के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इसके बाद उसके पास मौजूद चेन छीनकर बेच देने की बात भी पूछताछ में सामने आई है।
मोबाइल फोन में मिले घटना से जुड़े साक्ष्य
अनुसंधान के दौरान गिरफ्तार आरोपी संदीप मुंडा उर्फ रावन के पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार मोबाइल की जांच में घटना से संबंधित साक्ष्य पाए गए हैं। बरामद मोबाइल को पुलिस ने मामले में महत्वपूर्ण साक्ष्य के तौर पर जब्त किया है।गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है, जबकि दोनों निरुद्ध नाबालिगों को विधिवत न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
गिरफ्तार आरोपियों में संदीप मुंडा उर्फ रावन (22 वर्ष), पिता स्व. लालू मुंडा तथा सुनील मुंडा (23 वर्ष), पिता शिबु मुंडा, दोनों चटकपुर, थाना रातू, जिला राँची निवासी बताए गए हैं। मामले में दो नाबालिगों को भी निरुद्ध किया गया है।
एक आरोपी का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी संदीप मुंडा उर्फ रावन का पूर्व आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ सुखदेवनगर थाना कांड संख्या 395/17, धारा 379/411 भादवि के तहत मामला दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
इन पुलिसकर्मियों ने निभाई अहम भूमिका
कांड के उद्भेदन के लिए गठित छापामारी एवं अनुसंधान दल में पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) द्वितीय अजय आर्यण, रातू थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक आदिकांत महतो, पुलिस अवर निरीक्षक विनीत कुमार, सत्यप्रकाश, संतोष यादव, प्रियंका कुमारी, अनुरंजन कुमार, छोटु कुमार, बिशेश्वर कुमार और महेश प्रसाद कुशवाहा, सहायक अवर निरीक्षक सुनिल सिंह, संतोष कुमार एवं बलेन्द्र कुमार (तकनीकी शाखा) सहित रातू थाना रिजर्व गार्ड शामिल रहे।पुलिस के अनुसार तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर की गई कार्रवाई से मामले में आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

