जिम से निकलते ही बरसी गोलियां, 10 से ज्यादा राउंड फायरिंग में ट्रांसपोर्टर की हत्या; पॉश इलाके में हुई हत्या से मचा हड़कंप

 

यमुनानगर। हरियाणा के यमुनानगर में गुरुवार की सुबह गोलियों की तड़तड़ाहट से पॉश मॉडल टाउन इलाका दहल उठा। जिम से वर्कआउट कर बाहर निकले 62 वर्षीय ट्रांसपोर्ट और फाइनेंस कारोबारी हरभजन सिंह उर्फ यदि को बदमाशों ने अपना निशाना बना लिया। हमलावरों ने उन पर 10 से ज्यादा राउंड फायरिंग की और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।बताया जा रहा है कि हरभजन सिंह जिम से निकलकर अपनी कार में बैठने जा रहे थे। इसी दौरान अचानक हमलावर वहां पहुंचे और उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। फायरिंग इतनी ज्यादा थी कि आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। गोलियों की आवाज सुनकर लोग अपने घरों और दुकानों से बाहर निकल आए।

प्रेम नगर निवासी हरभजन सिंह नियमित रूप से जिम जाते थे। उनका घर भी जिम से कुछ ही दूरी पर बताया जा रहा है। गुरुवार सुबह वह रोज की तरह जिम पहुंचे थे। वर्कआउट पूरा करने के बाद जैसे ही वह बाहर निकले और अपनी कार की तरफ बढ़े, तभी बदमाशों ने उन्हें घेर लिया।हमलावरों ने बिना कोई मौका दिए लगातार गोलियां चलानी शुरू कर दीं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक बदमाशों ने 10 से अधिक राउंड फायर किए। गोली लगने से हरभजन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के बाद हमलावर मौके से भाग निकले।

प्रारंभिक जानकारी में बदमाशों के बाइक से आने और वारदात के बाद उसी से फरार होने की बात सामने आ रही है। हालांकि पुलिस अभी इस एंगल की भी जांच कर रही है। हमलावर कौन थे और उन्होंने हत्या को किस वजह से अंजाम दिया, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है।

दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसपी कमलदीप गोयल पुलिस अधिकारियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने मौके का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की।वारदात के बाद आरोपियों को पकड़ने के लिए शहर में नाकाबंदी कर दी गई है। प्रमुख मार्गों और आने-जाने वाले रास्तों पर वाहनों की जांच की जा रही है। पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं।

पुलिस की जांच में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे अहम कड़ी साबित हो सकते हैं। एसपी कमलदीप गोयल के मुताबिक घटनास्थल और आसपास के कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस फुटेज के जरिए हमलावरों की पहचान करने और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने की कोशिश कर रही है।पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हमलावर पहले से हरभजन सिंह की रेकी कर रहे थे या उन्होंने मौके पर अचानक हमला किया। जिम के आसपास लगे कैमरों के अलावा प्रमुख सड़कों पर लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

हरभजन सिंह ट्रांसपोर्ट और फाइनेंस कारोबार से जुड़े हुए थे। ऐसे में पुलिस हत्या के पीछे कारोबारी विवाद, पुरानी रंजिश या किसी अन्य वजह की आशंका को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है। फिलहाल हत्या की स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है।

पॉश इलाके में सुबह-सुबह हुई इस वारदात ने यमुनानगर की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस जगह लोग सुबह जिम और मॉर्निंग एक्टिविटी के लिए पहुंचते हैं, वहीं बेखौफ बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर ट्रांसपोर्टर की हत्या कर दी।
पुलिस का दावा है कि आरोपियों को पकड़ने के लिए सभी टीमें सक्रिय कर दी गई हैं और जल्द ही हमलावरों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

error: Content is protected !!