आधी रात गोलियों की गूंज से दहला बालूमाथ, कोलियरी के कांटा पर अपराधियों का तांडव… कंप्यूटर ऑपरेटर को मारी गोली, गैंग के नाम का धमकी भरा पर्चा छोड़ फरार

 

लातेहार।झारखण्ड के लातेहार जिले के बालूमाथ में बुधवार की देर रात कोयला कारोबार से जुड़े इलाके में अपराधियों ने दहशत फैला दी। मगध कोलियरी के चमातु स्थित 22 नंबर कांटा पर देर रात करीब डेढ़ बजे चार हथियारबंद अपराधियों ने अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। रात के सन्नाटे में गोलियों की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा। अपराधियों की गोली से कांटा पर ड्यूटी कर रहे कंप्यूटर ऑपरेटर अरुण उरांव (30) गंभीर रूप से घायल हो गए।

बताया जा रहा है कि अरुण उरांव शेरेगड़ा गांव निवासी रामकुमार उरांव के पुत्र हैं। गोली उनके पैर में लगी। अचानक हुई फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए।

गोलीबारी में घायल अरुण उरांव को तत्काल बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन पैर में गोली लगने और स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए राँची रिम्स रेफर कर दिया गया।

मौके पर छोड़ा धमकी भरा पर्चा, राहुल दुबे-अमन साहू गैंग का नाम

गोलीबारी के बाद अपराधियों ने घटनास्थल पर एक पर्चा भी छोड़ा। पर्चा कथित तौर पर राहुल दुबे-अमन साहू गैंग के नाम से बताया जा रहा है। इसमें कोयला खनन से जुड़ी वीपीआर कंपनी को धमकी देते हुए उसे ‘मैनेज’ करने की बात कही गई है।पर्चा मिलने के बाद पुलिस मामले को गंभीरता से ले रही है। हालांकि पुलिस यह भी जांच कर रही है कि पर्चा वास्तव में किसने छोड़ा और इसका इस्तेमाल घटना के पीछे मौजूद अपराधियों को भटकाने के लिए तो नहीं किया गया।

कंप्यूटर-प्रिंटर पर भी बरसाई गोलियां, कोयला ट्रांसपोर्टिंग ठप

अपराधियों की फायरिंग से कांटा पर लगा कंप्यूटर और प्रिंटर भी क्षतिग्रस्त हो गया। वारदात के बाद 22 नंबर कांटा से होने वाला कोयला ट्रांसपोर्टिंग का काम पूरी तरह प्रभावित हो गया है।
इस कांटा से जय अंबे और जीआरएल कंपनी का ट्रांसपोर्टिंग कार्य होता था और यहां से कोयला बालूमाथ साइडिंग भेजा जाता था। गोलीबारी के बाद काम बंद होने से कोयला कारोबार से जुड़े लोगों में भी हड़कंप है।

घटनास्थल से जिंदा कारतूस और दो खोखा बरामद
घटना की सूचना मिलते ही बालूमाथ थाना प्रभारी अनुभव सिन्हा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके की बारीकी से जांच की। घटनास्थल से एक जिंदा कारतूस और दो खोखा बरामद किया गया है।पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे संभावित CCTV कैमरों, अपराधियों के आने-जाने के रास्तों और वारदात से जुड़े अन्य सुरागों को खंगाल रही है।

गैंग की धमकी या रंगदारी का खेल? जांच में जुटी पुलिस
इस पूरी घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर चार अपराधी रात के अंधेरे में कांटा तक कैसे पहुंचे? उनका निशाना केवल दहशत फैलाना था या इसके पीछे रंगदारी और कोयला कारोबार पर दबदबा कायम करने की साजिश है?पुलिस पर्चे की सत्यता के साथ-साथ इस बात की भी जांच कर रही है कि वारदात के पीछे कौन लोग हैं और अपराधियों का किसी संगठित गिरोह से संबंध है या नहीं।

थाना प्रभारी अनुभव सिन्हा ने पर्चा मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान तेज कर दिया गया है। पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।फिलहाल देर रात हुई इस फायरिंग के बाद बालूमाथ के कोयला क्षेत्र में दहशत का माहौल है और पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती गोलीबारी करने वाले चारों अपराधियों तक पहुंचने की है।

error: Content is protected !!