धनबाद में धरती के नीचे धधक रही आग…तेज आवाज के साथ धंसी जमीन, धुआं और उठने लगीं लपटें…

धनबाद। बीसीसीएल लोदना क्षेत्र संख्या-10 के बरारी छह नंबर बस्ती के पास गुरुवार को अचानक जमीन धंसने से हड़कंप मच गया। तेज आवाज के साथ जमीन का एक हिस्सा देखते ही देखते धंस गया। सबसे खौफनाक बात यह रही कि धंसी जमीन से धुआं निकलने लगा और कुछ ही देर में आग की लपटें भी दिखाई देने लगीं। घटना के बाद आसपास रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, इलाके में जमीन के नीचे लंबे समय से आग और भू-धंसाव की समस्या बनी हुई है। गुरुवार को अचानक हुए नए धंसाव ने एक बार फिर पुराने खतरे को सामने ला दिया है। लोगों को आशंका है कि यदि जमीन के अंदर का धंसाव और आग आगे बढ़ी तो इसका असर आसपास की बस्ती और आवाजाही वाले रास्तों पर भी पड़ सकता है।

सबसे बड़ी चिंता लक्ष्मी कॉलोनी की ओर जाने वाली सड़क को लेकर जताई जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस इलाके में जमीन धंसी है, वहां यदि धंसाव का दायरा बढ़ा तो सड़क भी इसकी चपेट में आ सकती है। ऐसा हुआ तो वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने के साथ किसी बड़े हादसे की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रभावित क्षेत्र को तत्काल सुरक्षित कराने और वहां लोगों की आवाजाही रोकने की मांग की है। लोगों का कहना है कि जमीन के नीचे आग और ऊपर से धंसाव की स्थिति बेहद गंभीर है। प्रशासन और बीसीसीएल प्रबंधन को इसे महज जमीन धंसने की घटना मानने के बजाय सुरक्षा के लिहाज से तत्काल ठोस कदम उठाने चाहिए।

जमीन धंसने और आग की लपटें उठने की सूचना मिलने के बाद बीसीसीएल की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। प्रबंधन की ओर से धंसाव और आग के वास्तविक कारणों की जांच शुरू किए जाने की बात कही गई है।स्थानीय लोगों ने प्रभावित इलाके की घेराबंदी कराने, सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और लगातार निगरानी रखने की मांग की है। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते धंसाव वाले हिस्से को सुरक्षित नहीं किया गया तो खतरा बढ़ सकता है।

मामले को लेकर जब झरिया सीओ मनोज कुमार से जानकारी मांगी गई तो उन्होंने कहा कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है। वहीं, कोलियरी प्रबंधक अनिल महतो से पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि घटना हुई होगी और बीसीसीएल की टीम मौके पर गई होगी। उन्होंने यह भी कहा कि वे बीसीसीएल के प्रवक्ता नहीं हैं, इसलिए घटना के संबंध में जानकारी नहीं दे सकते।फिलहाल इलाके में जमीन धंसने और आग की घटना के बाद लोगों के बीच डर का माहौल है। अब सवाल यह है कि जमीन के नीचे आखिर कितने बड़े क्षेत्र में आग और खोखलापन फैला हुआ है और क्या इसका असर आने वाले दिनों में बस्ती और लक्ष्मी कॉलोनी जाने वाली सड़क पर पड़ सकता है। स्थानीय लोग पूरे मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच के साथ तत्काल सुरक्षा उपाय किए जाने की मांग कर रहे हैं।

 

error: Content is protected !!