आधी रात बारिश ने छीनी जिंदगी: भरभराकर गिरी घर की छत, मलबे में दबी गर्भवती महिला की मौत
जामताड़ा। लगातार हो रही बारिश के बीच नारायणपुर थाना क्षेत्र के चरकपानी गांव में मंगलवार की आधी रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। बारिश के कारण एक घर की छत अचानक भरभराकर गिर पड़ी। छत के मलबे में दबने से गर्भवती महिला लीलावती देवी गंभीर रूप से घायल हो गयीं। परिजन और ग्रामीण उन्हें मलबे से निकालकर अस्पताल ले गये, लेकिन इलाज के दौरान उनकी हालत बिगड़ती चली गयी। धनबाद ले जाने के दौरान उनकी मौत हो गयी।बताया गया कि मंगलवार की रात चरकपानी गांव में लगातार बारिश हो रही थी। इसी दौरान आधी रात के बाद अचानक घर की छत तेज आवाज के साथ ढह गयी। छत गिरने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। घर के अंदर लीलावती देवी मलबे में दबी मिलीं।
ग्रामीणों और परिजनों ने तत्काल मलबा हटाकर महिला को बाहर निकाला। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आयी थीं। आनन-फानन में उन्हें स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए धनबाद रेफर कर दिया।परिजन रात में ही लीलावती देवी को लेकर धनबाद के लिए रवाना हुए। बुधवार सुबह करीब चार बजे उन्हें एसएनएमएमसीएच धनबाद की इमरजेंसी में पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया।
लीलावती देवी के गर्भवती होने के कारण हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अस्पताल परिसर में भी परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। हादसे की सूचना स्थानीय प्रशासन को भी दी गयी है।
चरकपानी की इस घटना ने एक बार फिर लगातार बारिश के दौरान कमजोर और जर्जर मकानों में रहने वाले परिवारों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिये हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के मौसम में पुराने और कमजोर मकानों की स्थिति बेहद खराब हो जाती है। ऐसे में प्रशासन को गांवों में जर्जर मकानों का सर्वे कराकर खतरे वाले घरों में रह रहे परिवारों को सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराने की दिशा में तत्काल कदम उठाना चाहिए।

