चुटिया पुलिस के सहयोग से हरियाणा पुलिस का बड़ा एक्शन, राँची से दबोचा गया शातिर साइबर अपराधी

राँची। राजधानी राँची का चुटिया क्षेत्र एक बार फिर अंतरराज्यीय साइबर अपराधियों की शरणस्थली के रूप में सामने आया है। हरियाणा पुलिस की साइबर क्राइम टीम ने राँची की चुटिया थाना पुलिस की मदद से एक संयुक्त और त्वरित छापेमारी अभियान चलाकर लाखों रुपये की साइबर धोखाधड़ी के आरोपी दानिश अंसारी को उसके ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया है।

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरियाणा के रोहतक स्थित साइबर अपराध थाने में कांड संख्या – 23/26 (दिनांक: 21/03/2026) भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराएं: 318(4), 336(3), 338, 340(2), एवं 61(2) दर्ज है। जांच के दौरान जब इस मामले के तार झारखण्ड की राजधानी राँची से जुड़े मिले, तो हरियाणा पुलिस की एक विशेष टीम गुरुवार को चुटिया थाना पहुँची। हरियाणा पुलिस के उप-निरीक्षक सतीश कुमार और मुख्य आरक्षी मनोज कुमार ने स्थानीय पुलिस से आधिकारिक सहयोग माँगा। इसके तुरंत बाद गठित संयुक्त टीम ने गंगूटोली, चर्च रोड स्थित संदिग्ध ठिकाने पर दबिश देकर आरोपी दानिश अंसारी (पिता: आज़ाद अंसारी) को दबोच लिया।

​इस कार्रवाई के संदर्भ में चुटिया थाना प्रभारी पूनम कुजूर ने बताया कि मामला पूरी तरह से साइबर अपराध से जुड़ा है। हरियाणा पुलिस जाँच के सिलसिले में आई थी और मदद माँगने पर तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को आरोपी को राँची की अदालत में प्रस्तुत किया जाएगा, जहाँ से कानूनी प्रक्रिया पूरी कर ट्रांजिट रिमांड पर हरियाणा पुलिस उसे अपने साथ ले जाएगी।

​पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह मामला सिर्फ एक आरोपी तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे साइबर ठगों का एक बड़ा और संगठित अंतरराज्यीय गिरोह काम कर रहा है। इस गिरोह में कई अन्य सदस्य भी शामिल हैं, जिनमें से कुछ के स्थानीय राँची का होने का पता चला है। गिरफ्तार आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की धर-पकड़ के लिए देर शाम तक शहर के विभिन्न ठिकानों पर पुलिस की छापेमारी जारी रही।

error: Content is protected !!