Ranchi:जमीन विवाद में पीएलएफआई के नाम पर 1 करोड़ की मांगी रंगदारी,व्हाट्सएप से जान से मारने की धमकी

-खुद को ‘जोनल कमांडर’ बताकर कॉल, कहा—काम रोका तो अंजाम भुगतोगे, PLFI लेटरहेड के नाम पर मैसेज, एक हफ्ते में काम शुरू करने की धमकी

राँची।राँची के तुपुदाना इलाके में जमीन विवाद में PLFI उग्रवादी संगठन के नाम पर एक व्यक्ति से 1 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और जमीन से हटने की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित लाल कृष्णा नाथ शाहदेव उर्फ पप्पू शाहदेव ने तुपुदाना ओपी में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए दिए आवेदन में बताया है कि उनके मोबाइल पर व्हाट्सएप के जरिए PLFI के लेटरहेड के नाम पर 1 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई।इसके बाद 9 मई को एक व्यक्ति ने खुद को PLFI का जोनल कमांडर राजेश यादव बताते हुए फोन किया और धमकी दी कि जमीन पर हो रहे काम में किसी तरह का विरोध नहीं करें।

आरोप है कि कॉल करने वाले ने स्पष्ट कहा कि अगर काम में बाधा डाली गई तो इसका गंभीर परिणाम भुगतना पड़ेगा  10 मई को फिर से व्हाट्सएप कॉल और मैसेज के जरिए एक हफ्ते के भीतर काम शुरू करने की धमकी दी गई।पीड़ित का कहना है कि इस पूरे मामले में गीता शाहदेव और संतोष प्रजापति भी शामिल हैं, जो विवादित जमीन पर काम शुरू करना चाहते हैं।लगातार मिल रही धमकियों से पूरा परिवार दहशत में है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पीड़ित ने पुलिस से अपनी और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है।पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और व्हाट्सएप नंबरों की ट्रेसिंग के जरिए आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

error: Content is protected !!