Ranchi:शादी और बिजनेस के नाम पर 7 लाख की ठगी, चेक बाउंस के बाद जान से मारने की धमकी–
राँची। राजधानी राँची में ठगी का एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां शादी और बिजनेस के नाम पर एक संविदा कर्मी ने लाखों रुपये की ठगी कर ली।पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ तुपुदाना थाना में एफआईआर दर्ज कराई गई है। न्यू ए.जी. कॉलोनी, डोरंडा निवासी समेंद्र लाल ने अपनी शिकायत में बताया है कि प्रभात कुमार पाठक नामक संविदा कर्मचारी ने पहले अपनी शादी के लिए आर्थिक मदद मांगते हुए भरोसा जीता और किस्तों में पैसा लौटाने का वादा किया। इस पर उन्होंने 4 लाख रुपये उधार दे दिए।इसके बाद आरोपी ने एक कथित व्यवसायिक अवसर का झांसा देकर 3 लाख रुपये और निवेश करा लिए। आरोपी ने मूलधन सुरक्षित रखने और मुनाफे में हिस्सेदारी का लालच दिया, लेकिन बाद में यह पूरा मामला धोखाधड़ी निकला।
पीड़ित के अनुसार, आरोपी ने अपनी देनदारी स्वीकार करते हुए 9,61,500 रुपये का चेक जारी किया, जो बैंक में जमा करने पर ‘अपर्याप्त राशि’ के कारण बाउंस हो गया। इसके बाद कानूनी नोटिस भेजा गया, लेकिन आरोपी ने भुगतान करने के बजाय समय मांगकर फिर धोखा दिया।अब स्थिति यह है कि आरोपी ने साफ तौर पर पैसा लौटाने से इनकार कर दिया है।इतना ही नहीं, जब पीड़ित ने अपने पैसे की मांग की तो उसे झूठे मामलों में फंसाने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।

