Ranchi:सचिवालय में नौकरी का झांसा देकर 7 लाख रूपये की ठगी, फर्जी नियुक्ति पत्र देकर गायब आरोपी,जांच में जुटी है पुलिस..

 

 

राँची।राजधानी राँची में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर एक युवक से 7 लाख रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है।गिरिडीह निवासी मनोज कुमार पासवान को ठगों ने सचिवालय में लेखापाल की नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये ऐंठ लिए और फर्जी नियुक्ति पत्र थमा कर फरार हो गए। पीड़ित के अनुसार, करीब एक साल पहले उसकी मुलाकात निमाय चंद्र चटर्जी नामक व्यक्ति से हुई, जिसने खुद को सचिवालय धुर्वा से रिटायर्ड कर्मचारी बताया।उसने दावा किया कि उसका दामाद एक बड़े नेता के पीए हैं और उसके संपर्क में सचिवालय में कार्यरत लोग हैं, जो आसानी से नौकरी दिला सकते हैं पीड़ित ने लालपुर थाना में शनिवार 16 मई को एफआईआर दर्ज कराया है।पुलिस अब दिए गए मोबाइल नंबर, बैंक खातों और डिजिटल ट्रांजेक्शन के आधार पर ठगों की तलाश में जुट गई है।

झांसे में आकर पीड़ित ने तीन किस्तों में कुल 7 लाख रुपये आरोपियों को दे दिए। इसमें 1.32 लाख रुपये नगद होटल श्याम रेसिडेंसी, करमटोली में दिए गए, जबकि 5.67 लाख रुपये विभिन्न बैंक खातों, फोन-पे, गूगल-पे और QR कोड के जरिए ट्रांसफर किए गए।आरोपियों ने पीड़ित को भरोसे में लेने के लिए डोरंडा में एक फर्जी ऑनलाइन परीक्षा दिलाई, मेडिकल और इंटरव्यू का नाटक किया और बाद में व्हाट्सएप पर फर्जी नियुक्ति पत्र भेज दिया। इतना ही नहीं, नियुक्ति दिलाने के नाम पर उसे झारखण्ड मंत्रालय धुर्वा तक भी घुमाया गया, लेकिन हर बार बहाना बनाकर टाल दिया गया।जब काफी समय बीतने के बाद भी नौकरी नहीं मिली, तो पीड़ित ने पैसे वापस मांगे। इस पर आरोपियों ने साफ इनकार कर दिया और धीरे-धीरे सभी मोबाइल नंबर बंद कर फरार हो गए।मामले की जांच जारी है।

error: Content is protected !!