बोकारो:प्रेमजाल में फंसाकर युवती से बनाया शारीरिक संबंध, शादी से इनकार के बाद थाने पहुंचा मामला,आरोपी गिरफ्तार

 

बोकारो। झारखण्ड के बोकारो जिले में शादी का झांसा देकर युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाने का मामला सामने आया है।हरला थाना क्षेत्र की रहने वाली 21 वर्षीय युवती ने आरोपी युवक पर झूठे प्रेमजाल में फंसाकर जबरन शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया है।मामले में पीड़िता की लिखित शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस ने आरोपी अनुराग राज को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।घटना के बाद इलाके में मामले की चर्चा हो रही है।हरला थाना पुलिस के अनुसार आरोपी अनुराग राज पिछले कई महीनों से युवती के संपर्क में था। प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने युवती को प्रेम संबंध और शादी का भरोसा देकर अपने विश्वास में लिया था। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी लगातार उससे शादी करने की बात करता था और इसी भरोसे में उसने युवती को अपने प्रेमजाल में फंसाए रखा। युवती को विश्वास था कि दोनों का विवाह होगा, लेकिन बाद में आरोपी अपने वादे से मुकर गया।

दर्ज प्राथमिकी के अनुसार 13 मई को आरोपी ने युवती को फोन कर घर से बाहर बुलाया। इसके बाद वह उसे चास मुफस्सिल थाना क्षेत्र के तेलमोच्चो स्थित एक होटल में लेकर गया।पीड़िता ने आरोप लगाया है कि वहां आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाया।युवती का कहना है कि आरोपी लगातार शादी का भरोसा देता रहा, जिसके कारण वह उसके झांसे में आ गई। घटना के बाद जब युवती ने आरोपी पर शादी करने का दबाव बनाया, तब उसने कथित तौर पर शादी से साफ इनकार कर दिया।

पीड़िता के अनुसार जब उसने शादी करने की बात कही तो आरोपी ने उसके साथ दुर्व्यवहार किया और उसे अपमानित कर वहां से भगा दिया।इसके बाद युवती मानसिक रूप से टूट गई और उसने अपने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। परिजनों के साथ युवती हरला थाना पहुंची और आरोपी अनुराग राज के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद तत्काल मामला दर्ज करते हुए कार्रवाई शुरू कर दी।

मामले की जानकारी देते हुए इंस्पेक्टर खुर्शीद आलम ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अनुराग राज को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के बाद उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में युवती के बयान, होटल से जुड़े तथ्यों और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने युवती को किस परिस्थिति में होटल बुलाया था। मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!