जमशेदपुर:कार से आए अपराधियों ने कपड़े की दुकान में की फायरिंग,बाल-बाल बचा दुकानदार,जांच में जुटी है पुलिस…

 

जमशेदपुर।झारखण्ड के जमशेदपुर शहर के जुगसलाई थाना क्षेत्र में शुक्रवार की देर शाम जुगसलाई नगर परिषद कार्यालय के पास स्थित एक कपड़े की दुकान में अज्ञात अपराधियों ने घुसकर फायरिंग कर दी।गोलीबारी के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। इस घटना में दुकानदार बाल-बाल बच गया।घटना की सूचना मिलते ही आसपास के दुकानदारों में भारी दहशत फैल गई। सभी दुकानदार अपने-अपने स्टोर बंद कर घटनास्थल पर जमा हो गए। इलाके में तनावपूर्ण माहौल बन गया है।स्थानीय व्यापारियों ने अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अपराधी लाल रंग की कार से दुकान के सामने पहुंचे।वे सीधे दुकान के अंदर घुसे और कारोबारी को निशाना बनाते हुए फायरिंग कर दी।अचानक हुई गोलीबारी से दुकानदार घबरा गए और नीचे गिर पड़े। इसी दौरान अपराधी तेजी से वहां से फरार हो गए।

सूचना मिलते ही जुगसलाई थाना पुलिस और डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर मौके पर पहुंचे। उन्होंने दुकानदार व आसपास के दुकानदारों से विस्तृत पूछताछ की।सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है।यह भी देखा जा रहा है कि कहीं यह रंगदारी का मामला तो नहीं है। पुलिस हर पहलू पर गहन जांच कर रही है।आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिसमें फायरिंग की पूरी घटना कैद हुई है।एसपी ने विश्वास जताया कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

घटना के बाद जुगसलाई के व्यापारिक क्षेत्र में भय का माहौल है।स्थानीय व्यापारियों ने प्रशासन से अपील की है कि अपराधियों को शीघ्र पकड़ा जाए ताकि क्षेत्र में शांति बनी रहे और कारोबार प्रभावित न हो।

error: Content is protected !!