कोडरमा:नेहा राज हत्याकांड मामले में पुलिस को नहीं मिला कोई सुराग, पति सहित कई लोगों से पूछताछ

 

कोडरमा।झारखण्ड के कोडरमा जिले के कोडरमा थाना क्षेत्र के मिटको कॉलोनी में गुरुवार को दिनदहाड़े महिला की गला रेत कर हुई हत्या के मामले में पुलिस अब तक खाली हाथ है। मृतका नेहा राज की हत्या के बाद जांच में जुटी पुलिस ने शुक्रवार को हजारीबाग से डॉग स्क्वायड की टीम को भी बुलाया, लेकिन इस टीम को भी खास सुराग हाथ नहीं लगा। जांच के बाद डॉग स्क्वायड की टीम वापस लौट गई़ इस बीच कोडरमा पुलिस मृतका नेहा राज के पति शंभू राणा और अन्य कई लोगों से पूछताछ कर रही है।हालांकि, समाचार लिखे जाने तक पुलिस को कोई खास सुराग हाथ नहीं लगा था।

पुलिस पदाधिकारी दावा कर रहे हैं जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।जानकारी के अनुसार करीब आठ वर्ष पूर्व नेहा राज ने बिच्छीपहरी निवासी शंभू राणा के साथ अंतरजातीय विवाह किया था।विवाह के बाद दोनों को दो बच्चे हुए़ इसमें एक छह वर्ष का बेटा और डेढ़ वर्ष की बेटी के साथ दोनों पति-पत्नी मिटको कॉलोनी में घर बनाकर रह रहे थे।दोनों मिलकर कॉपी की फैक्ट्री संचालित करते थे।गुरुवार की दोपहर जब नेहा राज घर पर अपनी बच्ची के साथ अकेली थी, उसी समय किसी ने धारदार हथियार से उसका गला रेत कर हत्या कर दी।

घटना की जानकारी तब सामने आई थी जब उसका छह वर्षीय पुत्र स्कूल से घर लौटा था, जबकि पति का कहना था कि वह कॉपी सप्लाई के काम से चौपारण जा रहा था, तभी मोबाइल से घटना की जानकारी मिली।एक महिला की सनसनीखेज हत्या के बाद पूरा मामला चर्चा का विषय बन गया है।सदर अस्पताल में शंभू राणा ने मीडिया को बताया था कि नेहा के ससुराल वालों को यह शादी मंजूर नहीं थी, जबकि नेहा के परिवार वाले भी देर रात सदर अस्पताल पहुंचे और हत्या का आरोप नेहा के पति के साथ ही ससुराल वालों पर लगाया। पुलिस इसी के आधार पर जांच कर रही है।

इधर, जांच के लिए पहुंची एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम में शामिल पदाधिकारी ने बताया कि घटनास्थल पर हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने का पूरा प्रयास किया गया है। ऐसा प्रतीत होता है कि वहां पोछा लगा दिया गया है।हालांकि, एक जगह पर जूता का निशान मिला है।वहीं, दूसरी ओर कोडरमा थाना प्रभारी विकास पासवान ने मौके पर से एक हेलमेट, चप्पल बरामद किया है, जो नेहा के घर का नहीं था।नेहा के पति के अनुसार घर से एक लाल चाकू भी गायब है।वहीं पुलिस को कुछ जगहों पर खून के निशान लगे मिले हैं। इससे पहले जांच के लिए पहुंचा डॉग स्क्वायड एक बार मुख्य दरवाजा पर आया फिर वहीं घूमते रह गया। पुलिस ने पूरे घर को अभी बंद रखा है, ताकि किसी अन्य तरह का साक्ष्य मिटाने का प्रयास न हो। इधर, लोगों की मानें तो इस हत्याकांड को बड़े ही सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार नेहा राज की मौत मामले में पिता दशरथ यादव मूल निवासी गुंडियो विजया वर्तमान निवासी पानी टंकी रोड झुमरीतिलैया के आवेदन के आधार पर हत्या का केस दर्ज किया गया है।इसमें नेहा के पति और ससुराल वालों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस इसी के आधार पर पति व अन्य से पूछताछ कर रही है। पति के साथ ही फैक्ट्री में काम करने वाले कर्मी से भी पुलिस की पूछताछ जारी है।

इधर, विधायक डॉ नीरा यादव ने कोडरमा जिले में आपराधिक वारदात बढ़ने पर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाया है। विधायक के अनुसार जिले में इन दिनों अपराधी हावी हैं, आपराधिक घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है। पुलिस प्रशासन को गंभीरता से हत्या और अन्य आपराधिक मामलों का उद्भेदन करना चाहिए। इससे पहले विधायक ने नेहा राज की दिनदहाड़े हुई हत्या के बाद उनके परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि इस मामले का पुलिस प्रशासन को जल्द उद्भेदन करना चाहिए और जो भी अपराधी हैं उन्हें गिरफ्तार करना चाहिए।

कई अन्य मामलों की चर्चा करते हुए उन्होंने पत्रकारों से कहा कि हाल के दिनों में कोडरमा जिले के विभिन्न इलाकों में आपराधिक मामलों में काफी बढ़ोतरी हुई है। हत्या के साथ छिनतई, चोरी, साइबर फ्रॉड और अन्य अपराध बढ़ी हैं. इस पर पुलिस प्रशासन को अंकुश लगाने की जरूरत है, ताकि लोगों का कानून व्यवस्था पर विश्वास कायम रहे। उन्होंने कहा कि वे उच्चाधिकारियों से मिलकर कोडरमा जिले में बढ़े अपराध पर अंकुश लगाने के लिए विभिन्न चौक चौराहों पर सीसीटीवी, नियमित गश्त लगाने और अन्य उन्नत तकनीक का उपयोग करने की मांग करेंगी।

कोडरमा के एसडीपीओ अनिल कुमार सिंह ने कहा कि नेहा राज हत्याकांड में पुलिस की जांच चल रही है। सभी पहलुओं पर बारीकी से जांच की जा रही है. कुछ लोगों से पूछताछ भी हो रही है। उम्मीद है कि बहुत जल्द मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।

error: Content is protected !!