खूँटी:अपहरण के पांच दिनों के बाद भी छात्रा का नहीं मिला सुराग…भाई की हत्याकांड के मुख्य गवाह थी…

 

खूंटी।झारखण्ड के खूंटी जिले के मुरहू थाना क्षेत्र के ईट्ठे गांव से 11 मई की रात बिरसा कॉलेज, खूंटी की 18 वर्षीय छात्रा मांगी कुमारी का तीन हथियारबंद नकाबपोशों ने कथित रूप से अपहरण कर लिया। मामले में उसकी नाबालिग बहन के बयान पर मुरहू थाना में कांड संख्या 43/26 दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी है। अपहरण के पांच दिनों के बाद भी छात्रा का कोई सुराग नहीं मिला है। अपरहण की घटना को लेकर छात्रा के परिजनों ने मुरहू थाना में एफआईआर दर्ज कराया है।

मुरहू थाने में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, 11 मई की रात करीब आठ बजे एक बाइक पर सवार तीन नकाबपोश उनके घर पहुंचे और चाकू व दौली दिखाकर 10 लाख रुपये की मांग करने लगे। बदमाश कह रहे थे कि परिवार ने जमीन बेची है, इसलिए रुपये दो। इसके बाद वे मांगी कुमारी को जबरन उठाकर ले गए। जाते-जाते धमकी दी कि यदि 12 मई की सुबह सात बजे तक 10 लाख रुपये नहीं मिले तो मांगी को मारकर टुकड़े-टुकड़े कर फेंक देंगे और पूरे परिवार को भी खत्म कर देंगे।

वहीं, मां रांड़ी पूर्ती और पिता भईयाराम मुंडा ने बताया कि बदमाशों के पास पिस्तौल था। बदमाशों ने कहा था कि अभी मांगी को ले जा रहे हैं बाद में परिवार के सभी सदस्यों को एक एक कर मार देंगे। घटना के बाद दहशत में उन्होंने अपनी दूसरी नाबालिग बेटी को रिश्तेदार के घर भेज दिया है।

गौरतलब है कि मांगी कुमारी के भाई सीनू पूर्ती की हत्या तीन दिसंबर 2025 को हुई थी। मामले में मांगी कुमारी मुख्य गवाह थी पुलिस पुरानी रंजिश के एंगल से मामले की जांच कर रही है। मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन कर पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

error: Content is protected !!