बकरी चराने गई महिला को पीटकर थाने ले जाने का आरोप, CM हेमंत सोरेन ने लिया एक्शन..

–बकरी चराने गई महिला के साथ मारपीट और जातिसूचक गालियां देने का आरोप, सादे लिबास में पहुंचे पुलिसकर्मियों पर उठे सवाल; SP कुमार गौरव बोले- जांच के बाद होगी कार्रवाई

लातेहार। झारखण्ड के लातेहार जिले में एक आदिवासी महिला के साथ कथित मारपीट और दुर्व्यवहार का मामला सामने आने के बाद राज्य सरकार ने गंभीरता दिखाई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मामले पर खुद संज्ञान लेते हुए लातेहार पुलिस को तत्काल जांच कर उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा है कि ऐसी स्थिति किसी भी हाल में स्वीकार्य नहीं है। इधर, लातेहार के एसपी कुमार गौरव ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मामला सोशल मीडिया पर सामने आई एक पोस्ट के बाद चर्चा में आया, जिसमें हेरहंज क्षेत्र की रहने वाली आदिवासी महिला पुनिया देवी के साथ पुलिसकर्मियों द्वारा कथित रूप से मारपीट किए जाने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। आरोपों के मुताबिक, घटना 5 अक्टूबर की दोपहर की है, जब महिला बकरी चराने गई थीं।

 

सादे लिबास में पहुंचे पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप
सोशल मीडिया पर साझा की गई जानकारी के अनुसार, महिला बकरी चरा रही थीं, तभी बरियातू थाना प्रभारी और तीन अन्य पुरुष पुलिसकर्मी कथित तौर पर सादे लिबास में वहां पहुंचे। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने महिला के साथ मारपीट की और उन्हें अपने साथ थाने ले गए। पोस्ट में रास्ते में मारपीट करने, थाने में प्रताड़ित करने और जातिसूचक गालियां देने के भी आरोप लगाए गए हैं।

CM हेमंत सोरेन ने पुलिस को दिया सख्त निर्देश
मामला सामने आने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया के माध्यम से लातेहार पुलिस को तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया। उन्होंने लिखा, “@LateharPolice तत्काल संज्ञान लें, जांच करें एवं उचित कार्रवाई करते हुए सूचना दें। यह स्थिति स्वीकार्य नहीं है।”

मुख्यमंत्री के सीधे हस्तक्षेप के बाद अब पुलिस की जांच और कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश से स्पष्ट है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की अपेक्षा की गई है।

SP कुमार गौरव बोले- जांच के बाद होगी कार्रवाई
मामले पर लातेहार के एसपी कुमार गौरव ने बताया कि जांच जारी है। जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, महिला के साथ कथित मारपीट के पीछे की परिस्थितियों, पुलिस के वहां पहुंचने के कारण और लगाए गए आरोपों की सत्यता को लेकर आधिकारिक जांच का इंतजार है।

 

error: Content is protected !!