मॉर्निंग वॉक पर निकली बुजुर्ग महिला से चेन स्नैचिंग, बाइक सवार बदमाश 20 ग्राम सोना लेकर फरार…

राँची।राजधानी में चेन स्नैचिंग की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। एक और मामला सामने आया है जो कडरू-अरगोड़ा इलाके का है, जहां मॉर्निंग वॉक पर निकली एक 76 वर्षीय बुजुर्ग महिला के गले से सोने की चेन झपट्टा मारकर छीन ली गई।घटना रविवार सुबह करीब 5.15 बजे की बताई जा रही है।
पीड़िता स्वर्णमंती देवी, पति रामचंद्र पिल्ले, सिम्बरटोली (कडरू, अरगोड़ा स्टेशन के सामने) की रहने वाली हैं।वह रोज की तरह सुबह टहलने के लिए घर से निकली थीं।जब वह ओल्ड एजी कॉलोनी के पार्क के टॉप गेट के पास पहुंचीं, तभी पीछे से बाइक पर सवार दो अज्ञात युवक पहुंचे और अचानक उनके गले से सोने की चेन छीन ली।
बताया गया कि दोनों बदमाश हेलमेट पहने हुए थे, जिससे उनकी पहचान नहीं हो सकी. घटना के बाद महिला घबरा गईं और शोर मचाने लगीं।शोर सुनकर आसपास मौजूद लोग और पास में तैनात पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और बदमाशों का पीछा किया, लेकिन वे अशोक नगर की ओर भागने में सफल रहे।
पीड़िता के अनुसार छीनी गई चेन का वजन करीब 20 ग्राम है, जिसकी कीमत लगभग तीन लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।घटना के बाद अरगोड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।

