14वीं जेपीएससी पीटी परीक्षा विवाद: सीआईडी और राँची पुलिस का आयोग मुख्यालय पर बड़ा एक्शन, अहम दस्तावेज खंगाले..

 

राँची। 14वीं जेपीएससी पीटी परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच ने मंगलवार को बड़ा मोड़ ले लिया, जब सीआईडी और राँची पुलिस की संयुक्त टीम ने जेपीएससी मुख्यालय में छापेमारी की। जांच एजेंसियों की इस कार्रवाई के दौरान पूरे आयोग परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया और बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई।

छापेमारी का नेतृत्व राँची के सिटी एसपी ने किया। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई डीएसपी, इंस्पेक्टर, सब-इंस्पेक्टर और बड़ी संख्या में सशस्त्र पुलिस बल की तैनाती की गई। मुख्य द्वार से लेकर विभिन्न शाखाओं तक पुलिस की कड़ी निगरानी रही, जबकि कार्यालय कर्मियों की आवाजाही भी कुछ समय के लिए सीमित कर दी गई।

सूत्रों के अनुसार, जांच एजेंसियां आयोग की पिछली कुछ परीक्षाओं और नियुक्तियों से जुड़े रिकॉर्ड की भी पड़ताल कर रही हैं। बड़े पैमाने पर गड़बड़ी और नियमों के उल्लंघन की शिकायतों के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।

जांच के दौरान टीम कंप्यूटरों की हार्ड डिस्क, डिजिटल रिकॉर्ड, मेरिट लिस्ट से संबंधित दस्तावेजों और अन्य महत्वपूर्ण फाइलों की बारीकी से जांच कर रही है। अधिकारियों का उद्देश्य संभावित साक्ष्यों को सुरक्षित करना और शिकायतों की सत्यता का पता लगाना है।फिलहाल जांच जारी है और एजेंसियों की ओर से इस मामले में आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है।

error: Content is protected !!