चतरा SP आवास के बाहर खूनी खेल: अंदर ठेकेदार की मुलाकात, बाहर बॉडीगार्ड ने साथी की गोली मारकर कर दी हत्या; आरोपी गिरफ्तार…

चतरा।झारखण्ड के चतरा एसपी आवास के ठीक सामने मंगलवार को दिनदहाड़े हुई दुस्साहसिक वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। बेखौफ अंदाज में हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में एक प्राइवेट गार्ड की मौके पर ही तड़प-तड़पकर मौत हो गई। एसपी आवास के बाहर अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट से अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।

​यह पूरी सनसनीखेज वारदात बिहार की बेलागंज सीट से जेडीयू विधायक मनोरमा देवी के बेटे और ठेकेदार रॉकी यादव की मौजूदगी से जुड़ी हुई है। बताया जा रहा है कि जब घटना घटी, उस वक्त रॉकी यादव एसपी आवास के भीतर एसपी से मुलाकात कर रहे थे। बाहर खड़ी उनकी फोर्ड एंडेवर कार के पास उनके सुरक्षाकर्मियों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया।

मृतक की पहचान बिहार के बक्सर निवासी अतुल कुमार के रूप में हुई है, जबकि गिरफ्तार आरोपी बलवीर सिंह, जो बिहार का ही रहने वाला है, बताया गया है। दोनों बिहार के बेलागंज की विधायक मनोरमा यादव के पुत्र एवं ठेकेदार रॉकी यादव उर्फ विनीत यादव के निजी बॉडीगार्ड थे।

जानकारी के अनुसार, चतरा बाईपास निर्माण कार्य करा रहे ठेकेदार रॉकी यादव मंगलवार दोपहर किसी कार्य से पुलिस अधीक्षक से मिलने उनके आवास पहुंचे थे। इस दौरान उनके दोनों निजी बॉडीगार्ड अतुल कुमार और बलवीर सिंह बाहर वाहन में बैठे हुए थे। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी बलवीर सिंह ने अपना हथियार निकालकर अतुल कुमार के सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही अतुल कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।एसपी आवास के सामने गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद पुलिसकर्मी और लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। पुलिस ने तत्काल आरोपी बलवीर सिंह को हथियार सहित हिरासत में ले लिया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

पुलिस हत्या के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने में जुट गई है। प्रारंभिक जानकारी में दोनों बॉडीगार्ड के बीच आपसी विवाद की बात सामने आई है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। आरोपी से पूछताछ जारी है तथा हत्या में प्रयुक्त हथियार भी जब्त कर लिया गया है।

एसपी कार्यालय और आवास जैसे अतिसुरक्षित इलाके में दिनदहाड़े हुई इस हत्या से पूरे शहर में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। स्थानीय लोगों में भी इस घटना को लेकर काफी चर्चा रही।

​इधर पुलिस सूत्रों के अनुसार, गाजियाबाद वर्तमान बिहार गया का रहने वाला आरोपी गार्ड बलवीर सिंह बेहद सनकी और गुस्सैल मिजाज का व्यक्ति है। कंस्ट्रक्शन कंपनी के कर्मचारियों ने बताया कि बलवीर छोटी-छोटी बातों पर लोगों से उलझ जाता था। विवाद के दौरान सनकी बलवीर सिंह ने अपनी बंदूक निकालकर बक्सर (बिहार) निवासी दूसरे अंगरक्षक अतुल सिंह पर सीधी गोली चला दी।सिर में गोली लगते ही अतुल सिंह खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़े और घटनास्थल पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया।घटना के समय मौके पर मौजूद तीसरे सरकारी गार्ड सत्येंद्र कुमार (निवासी: बिहार) को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

​वारदात की भयावहता को देखते हुए सिमरिया और टंडवा के एसडीपीओ समेत कई वरीय पुलिस अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थल को सील करते हुए रॉकी यादव की फोर्ड एंडेवर कार को जब्त कर लिया है। तलाशी के दौरान कार के भीतर से अन्य गार्ड के हथियार भी बरामद किए गए हैं। घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम (FSL) को मौके पर बुलाया गया है।

​हाई-प्रोफाइल मामले और एसपी आवास के बाहर हुई इस खूनी वारदात को लेकर फिलहाल वरीय पुलिस अधिकारी कुछ भी आधिकारिक बोलने से बच रहे हैं। हालांकि, पुलिस दोनों हिरासत में लिए गए गार्डों से कड़ी पूछताछ कर रही है। आखिर एसपी आवास के ठीक बाहर इस खूनी खेल को अंजाम देने की असली वजह क्या थी, इसका खुलासा पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही हो पाएगा।

error: Content is protected !!