राँची:सरकारी नौकरी का झांसा देकर 30 लाख की ठगी,पुलिस ने आरोपी को दबोचा

 

राँची। सरकारी नौकरी दिलाने का सपना दिखाकर 30 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में राँची पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रातू निवासी प्रिंस कुमार को ओटीसी मैदान से गिरफ्तार किया। मामले में उसके पिता शैलेंद्र कुमार, मां रंजना कुमारी और बहन पल्लवी कुमारी को भी नामजद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, कमड़े निवासी एवं मूल रूप से हजारीबाग के रहने वाले आशीष कुमार मंडल ने पंडरा ओपी में दर्ज प्राथमिकी में बताया कि करीब दो वर्ष पहले उनकी मुलाकात ओटीसी ग्राउंड में शैलेंद्र कुमार और उसके बेटे प्रिंस कुमार से हुई थी। दोनों ने जेपीएससी, जेएसएससी समेत अन्य सरकारी विभागों में नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया और इसके एवज में 30 लाख रुपये की मांग की।आरोप है कि नौकरी की उम्मीद में आशीष ने उधार लेकर 20 लाख रुपये नकद और 10 लाख रुपये ऑनलाइन आरोपियों के बैंक खातों में भेज दिए। नकद राशि के बदले शैलेंद्र कुमार ने चेक भी दिया था।

शिकायत के मुताबिक, आरोपी लगातार नौकरी लगने का भरोसा दिलाते रहे। इतना ही नहीं, आशीष को हजारीबाग बुलाकर मोबाइल में एसएससी एमटीएस का कथित ज्वाइनिंग लेटर भी दिखाया गया, लेकिन बाद में वह फर्जी निकला। जब पीड़ित ने अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने फोन उठाना बंद कर दिया।

इसके बाद पीड़ित ने पंडरा ओपी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्रिंस कुमार को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

error: Content is protected !!