हजारीबाग पुलिस की बड़ी कार्रवाई: एक तरफ राहुल दुबे गैंग के शूटर चढ़े हत्थे, दूसरी तरफ भारी मात्रा में ब्राउन शुगर के साथ नशा तस्कर गिरफ्तार

हजारीबाग।झारखण्ड के हजारीबाग पुलिस ने अपराध और नशाखोरी के खिलाफ अभियान चलाते हुए दो अलग-अलग मामलों में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षकअमन कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इन दोनों बड़ी घटनाओं का खुलासा किया। पुलिस ने राहुल दुबे गैंग के दो शातिर अपराधियों को हथियार और स्कॉर्पियो के साथ दबोचा है, वहीं दूसरी ओर कटकमसांडी थाना इलाके से 25 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ तीन ड्रग तस्करों को भी गिरफ्तार किया है।
राहुल दुबे गैंग के दो कुख्यात अपराधी गिरफ्तार, हथियार और स्कॉर्पियो बरामद
गिद्दी थाना क्षेत्र में पुलिस को 6 जुलाई की रात गुप्त सूचना मिली कि एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो (नंबर-JH-10AR-8705) में कुछ अपराधी हथियार के साथ गिद्दी से मांडू होते हुए हजारीबाग की ओर आ रहे हैं। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बड़कागांव के नेतृत्व में तुरंत एक टीम गठित की गई और कनकी मोड़ के पास सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।चेकिंग के दौरान तेजी से आ रही स्कॉर्पियो को जब पुलिस ने रोकने का इशारा किया, तो चालक गाड़ी रोककर भागने लगा। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए दौड़ाकर दो अपराधियों को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मोहित सिंह उर्फ कुणाल (बिहार) और भोला उर्फ ओम प्रकाश (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे ‘राहुल दुबे गिरोह’ के सक्रिय सदस्य हैं। वे गैंग के लिए लूट, फिरौती और रंगदारी वसूलने का काम करते हैं और इलाके में दहशत बनाने के लिए समय-समय पर फायरिंग करते हैं। तलाशी के दौरान इनके पास से एक लोडेड देशी पिस्टल, दो जिंदा गोली और दो मैगजीन बरामद की गई हैं। गिरोह के खिलाफ गिद्दी थाना में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
अपराधिक इतिहास:मोहित सिंह: दिसंबर 2025 में उरीमारी में विस्थापित नेता दशई मांझी के घर पर फायरिंग, जनवरी 2026 में 9 सदस्यों के साथ गिरफ्तारी और जेल से छूटने के बाद जून 2026 में गिद्दी सी० चेकपोस्ट पर फायरिंग की घटना में शामिल रहा है।
कटकमसांडी में नशाखोरी के खिलाफ एक्शन, 25 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ 3 गिरफ्तार
हजारीबाग पुलिस ने झारखण्ड सरकार के “नशामुक्त हो राज्य हमारा” अभियान के तहत कटकमसांडी थाना क्षेत्र के डांढ़ गांव में बड़ी कार्रवाई की है। एसपी को सूचना मिली थी कि डांढ़ गांव में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री होने वाली है। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। पुलिस ने मौके से मो० रिजवान और मो० रफीक (दोनों बड़ा बाजार, हजारीबाग के निवासी) को पकड़ा और उनके पास से 12 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की। पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि वे यह माल डांढ़ गांव के रहने वाले छोटन साव से खरीदकर लाए हैं। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए छोटन साव को भी धर दबोचा, जिसके पास से और 13 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। पुलिस ने कुल 25 ग्राम ब्राउन शुगर और एक मोबाइल जब्त किया है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तार मो० रिजवान का पुराना आपराधिक इतिहास है और उसके खिलाफ सदर थाने में हत्या (302) के भी मामले दर्ज हैं।
इस बड़ी कार्रवाई के बीच हजारीबाग पुलिस और जिला प्रशासन द्वारा 15 जून से लगातार राज्यव्यापी जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उपायुक्त हेमंत सती और एसपी अमन कुमार ने युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए सामूहिक जिम्मेदारी पर जोर दिया है, वहीं सदर अनुमंडल पदाधिकारी आदित्य पांडेय ने भी युवाओं को जागरूक करने की बात कही है। पुलिस जिले भर के स्कूल, कॉलेजों और बाजारों में एलईडी वैन व अन्य माध्यमों से लोगों को जागरूक कर रही है।

