प्रिंस खान के नेटवर्क पर NIA का शिकंजा, धनबाद पहुंची टीम; पाकिस्तान कनेक्शन और कथित आतंकी संपर्कों की होगी गहन जांच

 

धनबाद। वासेपुर के फरार अपराधी प्रिंस खान को लेकर अब जांच का दायरा और बड़ा होता नजर आ रहा है। प्रिंस खान के आपराधिक नेटवर्क और उसके कथित आतंकी संपर्कों की पड़ताल के लिए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की टीम गुरुवार को धनबाद पहुंची। एजेंसी की टीम ने स्थानीय पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर प्रिंस खान से जुड़े आपराधिक मामलों, उसके नेटवर्क और विदेश में रहते हुए संचालित की जा रही कथित गतिविधियों के संबंध में जानकारी जुटायी।

NIA की जांच का एक अहम पहलू प्रिंस खान के कथित विदेश संपर्क और पाकिस्तान कनेक्शन से जुड़ा बताया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, दुबई में रहने के दौरान प्रिंस खान अपनी पत्नी और भाई के साथ था। इसी दौरान उसके संपर्क में पाकिस्तानी महिला फोजिया बलोच और उसके जीजा तौकिर बलोच के आने का दावा किया जा रहा है।

पाकिस्तान में आतंकी नेटवर्क से संपर्क का दावा
जांच से जुड़े सूत्रों के हवाले से यह भी दावा किया जा रहा है कि तौकिर बलोच के जरिए प्रिंस खान की पहुंच पाकिस्तान में प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े लोगों तक हुई थी। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। NIA अपने स्तर पर इन कथित संपर्कों से जुड़े दस्तावेज, डिजिटल साक्ष्य और अन्य जानकारियों की जांच कर रही है।

एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि विदेश में रहने के दौरान प्रिंस खान के किन-किन लोगों से संपर्क थे और क्या इन संपर्कों का उसके आपराधिक नेटवर्क से कोई संबंध था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि विदेश में रहते हुए वह अपने कथित संगठित आपराधिक नेटवर्क को किस तरह संचालित कर रहा था।

धनबाद पुलिस से जुटायी जा रही पूरी जानकारी
धनबाद पहुंचने के बाद NIA की टीम ने जिले के वरीय पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान प्रिंस खान के खिलाफ धनबाद समेत झारखण्ड के अलग-अलग हिस्सों में दर्ज मामलों, उसके सहयोगियों और कथित गुर्गों से संबंधित जानकारी साझा की गयी।

जांच के दायरे में वासेपुर में सक्रिय प्रिंस खान के कथित नेटवर्क से जुड़े लोगों की भूमिका भी है। एजेंसी यह समझने का प्रयास कर रही है कि उसके नेटवर्क में कौन-कौन लोग सक्रिय रहे हैं, विदेश से उन्हें किस तरह निर्देश दिए जाते थे और आपराधिक गतिविधियों के संचालन में किन लोगों की भूमिका रही है।

आतंकी कनेक्शन पर जांच के बाद ही तस्वीर साफ होगी
सबसे अहम सवाल प्रिंस खान के कथित आतंकी संपर्कों को लेकर है। यदि जांच में आतंकी संगठनों से उसके संपर्क और उनसे जुड़े ठोस साक्ष्य सामने आते हैं, तो मामले की गंभीरता और बढ़ सकती है। हालांकि, फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। NIA की जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि पाकिस्तान कनेक्शन और आतंकी संपर्कों से जुड़े दावों में कितनी सच्चाई है।

SSP बोले- NIA को साझा की जा रही है प्रिंस खान के नेटवर्क की जानकारी

धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि NIA की टीम धनबाद पहुंची है। उन्होंने कहा कि फरार अपराधी प्रिंस खान और उससे जुड़े संगठित अपराध से संबंधित विस्तृत जानकारी टीम के साथ साझा की जा रही है, ताकि NIA के स्तर से भी आवश्यक कार्रवाई की जा सके।फिलहाल NIA की जांच प्रिंस खान के आपराधिक साम्राज्य, उसके सहयोगियों, विदेश में बने संपर्कों और कथित पाकिस्तान कनेक्शन के इर्द-गिर्द घूम रही है। जांच में सामने आने वाले साक्ष्य ही तय करेंगे कि मामला केवल संगठित अपराध तक सीमित है या इसके तार किसी बड़े आतंकी नेटवर्क तक भी जुड़े हैं।

error: Content is protected !!