रिम्स में बड़ा हादसा: प्रसूति वार्ड की चौथी मंजिल से गिरी महिला, ICU में भर्ती

 

राँची। राजधानी के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल रिम्स में सोमवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। स्त्री एवं प्रसूति विभाग में भर्ती एक महिला अस्पताल की चौथी मंजिल से नीचे गिर गई। गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल इलाज के लिए सेंट्रल इमरजेंसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए ICU में भर्ती किया गया है।

जानकारी के अनुसार, घटना शाम करीब 4:30 बजे की है। ग्राउंड फ्लोर के कॉरिडोर में मौजूद लोगों ने अचानक तेज आवाज सुनी। मौके पर पहुंचने पर देखा कि एक महिला गंभीर हालत में फर्श पर पड़ी हुई है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही ड्यूटी पर तैनात सैप और होमगार्ड के जवान मौके पर पहुंचे। इसी दौरान महिला का पति और बच्चा भी चौथी मंजिल से नीचे पहुंचे। सुरक्षाकर्मियों और परिजनों की मदद से घायल महिला को तुरंत सेंट्रल इमरजेंसी पहुंचाया गया।डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद महिला की हालत गंभीर बताते हुए उसे क्रिटिकल केयर यूनिट (ICU) में शिफ्ट कर दिया। चिकित्सकों की टीम लगातार उसकी निगरानी कर रही है।

फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि महिला का पैर फिसलने से हादसा हुआ या मामला किसी अन्य कारण से जुड़ा है। अस्पताल प्रबंधन और संबंधित अधिकारी पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाने में लगे हैं। मामले की जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।इस घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और वार्डों में मरीजों की निगरानी को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, प्रशासन की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

error: Content is protected !!