45 दिन तक बाथरूम के नीचे दफन रहा पति… ऊपर रोज नहाती रही पत्नी.. खौफनाक कत्ल का ऐसा राज जिसने पुलिस को भी हिला दिया..

–शराबी पति से परेशान पत्नी ने रची मौत की खामोश साजिश, खुद खोदा गड्ढा, खुद दफनाया शव और उसी दिन बनवा दिया पक्का फर्श…

डेस्क टीम/आगरा।आगरा के सिकंदरा क्षेत्र से सामने आई एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। जिस बाथरूम में परिवार रोज आता-जाता रहा, उसी के नीचे पिछले 45 दिनों से एक व्यक्ति का शव दफन था। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि पुलिस जांच में अब तक सामने आया है कि इस पूरी वारदात को मृतक की पत्नी ने अकेले अंजाम दिया।

पुलिस के अनुसार, मूल रूप से भरतपुर निवासी 44 वर्षीय सुरेंद्र शर्मा की हत्या उनकी पत्नी रूबी ने 17 मई की रात कथित तौर पर नींद की गोलियां देकर की। दावा है कि सुबह करीब तीन बजे जब उसने देखा कि पति की सांसें नहीं चल रही हैं तो उसने किसी को बताए बिना शव ठिकाने लगाने की योजना बना ली।

खुद खोदा गड्ढा… खुद दफनाया पति
पूछताछ में सामने आया कि सुबह बच्चों और सास को बहाने से घर से बाहर भेजने के बाद रूबी ने बाथरूम का कच्चा फर्श खुद खोदा। इसके बाद पति के शव को घसीटकर गड्ढे तक ले गई और उसमें दफना दिया। शव के ऊपर पहले मिट्टी डाली गई, फिर गिट्टी, मोरंग और सीमेंट मंगवाकर फर्श तैयार कराने की तैयारी की गई।
बताया गया कि कॉलोनी के एक व्यक्ति से 600 रुपये की मिट्टी मंगवाई गई। इसके बाद राजमिस्त्री को बुलाकर उसी शाम बाथरूम का नया पक्का फर्श बनवा दिया गया। पुलिस का कहना है कि राजमिस्त्री और मजदूर को इस बात की कोई जानकारी नहीं थी कि फर्श के नीचे शव दफन है। पूछताछ के बाद दोनों को छोड़ दिया गया।

45 दिन तक किसी को नहीं हुआ शक
हत्या के बाद करीब डेढ़ महीने तक किसी को इस वारदात की भनक तक नहीं लगी। परिवार और रिश्तेदारों को अलग-अलग बहाने दिए जाते रहे। लेकिन जब पुलिस को संदेह हुआ और महिला से सख्ती से पूछताछ की गई तो पूरा राज खुल गया। उसकी निशानदेही पर शुक्रवार को बाथरूम का फर्श तोड़ा गया और नीचे से कंकाल बरामद हुआ।

14 घंटे पूछताछ, बार-बार बदलती रही बयान:
पुलिस ने रूबी से करीब 14 घंटे तक लगातार पूछताछ की। अधिकारियों के मुताबिक वह रातभर रोती रही और कई बार अपने बयान बदलती रही। पहले उसने दावा किया कि उसने इंटरनेट पर शव छिपाने के तरीके खोजे थे, लेकिन बाद में इससे इनकार कर दिया। पुलिस ने मोबाइल की सर्च हिस्ट्री और कॉल डिटेल भी खंगाली, लेकिन इंटरनेट पर ऐसी कोई सर्च नहीं मिली और न ही किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता के संकेत मिले।

डीएनए जांच से होगी अंतिम पुष्टि
बाथरूम से बरामद कंकाल का डीएनए सैंपल लिया गया है। डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया है। रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच से मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि होगी। पुलिस का कहना है कि महिला की निशानदेही पर शव की बरामदगी इस मामले का सबसे मजबूत साक्ष्य है।

पुलिस का दावा—सिर्फ पत्नी ही है आरोपी
डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास के अनुसार, अब तक की जांच में इस वारदात में मृतक की पत्नी के अलावा किसी अन्य की भूमिका सामने नहीं आई है। पर्याप्त साक्ष्यों के आधार पर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

अब तक सामने आए अहम तथ्य,17 मई की रात हत्या होने का दावा
करीब 45 दिन तक बाथरूम के नीचे दफन रहा शव।
पत्नी ने खुद गड्ढा खोदकर शव दफनाने की बात कबूल की।
उसी दिन राजमिस्त्री बुलाकर पक्का फर्श बनवा दिया गया।
राजमिस्त्री और मजदूर को पुलिस ने पूछताछ के बाद निर्दोष माना।
मोबाइल की सर्च हिस्ट्री में इंटरनेट से हत्या या शव छिपाने की कोई जानकारी नहीं मिली।कंकाल का डीएनए और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार।

error: Content is protected !!