राँची में ‘ऑपरेशन नाइट कंट्रोल’ : शराब दुकानों के बाहर जाम छलकाने वालों पर पुलिस का शिकंजा, पब-बार में भी देर रात ताबड़तोड़ छापेमारी

 

राँची।राजधानी की सड़कों को खुलेआम शराबखाना बनाने वालों के खिलाफ राँची पुलिस ने अब सख्त रुख अपना लिया है। शनिवार देर रात शहरभर में चले बड़े अभियान के दौरान शराब दुकानों के बाहर शराब पीकर हुड़दंग मचाने वालों पर कार्रवाई की गई, वहीं कई पब और बार में एक साथ औचक जांच कर नियमों के पालन की पड़ताल की गई। इस कार्रवाई के बाद शहर के पब-बार संचालकों और सार्वजनिक स्थलों पर शराब पीने वालों में हड़कंप मच गया।

एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर चलाए गए इस विशेष अभियान का नेतृत्व सिटी एसपी पारस राणा ने किया। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने शहर के प्रमुख इलाकों में स्थित शराब दुकानों के बाहर अचानक पहुंचकर जांच शुरू की। अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीते और हंगामा करते मिले कई लोगों को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने उन्हें कड़ी चेतावनी देते हुए साफ संदेश दिया कि अब सड़क किनारे शराब पीना और कानून व्यवस्था बिगाड़ना बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

महिलाओं और आम लोगों की शिकायतों पर हुई कार्रवाई
पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि शराब दुकानों के बाहर लोग वाहन खड़े कर खुलेआम शराब पीते हैं। इससे राहगीरों, स्थानीय लोगों और खासकर महिलाओं को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है। इन्हीं शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने यह विशेष अभियान चलाया, ताकि सार्वजनिक स्थानों को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाया जा सके।

एक साथ 8 पब और बार में दबिश
सिर्फ शराब दुकानों तक ही कार्रवाई सीमित नहीं रही। देर रात पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने राजधानी के आठ प्रमुख पब और बार में भी औचक निरीक्षण किया। इस दौरान लाइसेंस, निर्धारित समय, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य नियमों के पालन की गहन जांच की गई। जांच के दौरान संचालकों को नियमों का कड़ाई से पालन करने की हिदायत भी दी गई।

एसएसपी का साफ संदेश—अब लगातार चलेगा अभियान
एसएसपी राकेश रंजन ने स्पष्ट कहा कि राजधानी की शांति और कानून व्यवस्था से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर माहौल खराब करने वालों और नियमों की अनदेखी करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। सभी थाना प्रभारियों को शराब दुकानों के आसपास नियमित गश्त बढ़ाने और पब-बार की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

राँची पुलिस की इस कार्रवाई ने साफ संकेत दे दिया है कि अब राजधानी में सड़क किनारे जाम छलकाना या नियमों को ताक पर रखकर कारोबार करना आसान नहीं होगा। आने वाले दिनों में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।

error: Content is protected !!