चतरा: लोगों का डर भगाने के लिए युवक ने चबा डाले 2 जहरीले सांप, दाना-पानी समझकर निगल गया जिंदा

चतरा।क्या कोई इंसान अपने मन का खौफ दूर करने या दूसरों को निडर बनाने के लिए जहरीले सांपों को अपना निवाला बना सकता है? जी हां, झारखण्ड के चतरा जिले से एक ऐसा ही रोंगटे खड़े कर देने वाला और बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को सन्न कर दिया है।यहाँ एक युवक ने खेल-खेल में दो जहरीले सांपों को जिंदा चबाकर खा लिया।इस खौफनाक मंजर को जिसने भी देखा, उसकी रूह कांप गई।
यह अजीबोगरीब घटना कुंदा थाना क्षेत्र के कुंदा चौक स्थित बरवाडीह गांव की है।गांव के रहने वाले बुधन भारती नाम के युवक ने न जाने किस सनक में आकर दो जहरीले सांपों को खुद से पकड़ा।इसके बाद वह ग्रामीणों के सामने ही उन सांपों को मुंह में डाल-डालकर चबाने लगा। युवक की इस जानलेवा हरकत को देखकर आसपास मौजूद लोगों के होश उड़ गए और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जैसे ही इस बात की खबर बुधन के परिजनों को मिली, उनके पैरों तले जमीन खिसक गई और घर में चीख-पुकार मच गई। किसी अनहोनी के डर से घबराए परिजन तुरंत स्थानीय कुंदा मुखिया मनोज कुमार साहू के पास पहुंचे।घटना की गंभीरता को देखते हुए मुखिया ने मानवता दिखाई और बिना वक्त गंवाए अपने निजी खर्च पर गाड़ी का इंतजाम कर युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रतापपुर रवाना किया।
डॉक्टरों ने बचाया, फिलहाल खतरे से बाहर है युवक
प्रतापपुर CHC के चिकित्सा प्रभारी डॉ. कुमार संजीव ने तुरंत मोर्चा संभाला और बुधन का प्राथमिक उपचार शुरू किया। डॉक्टरों की तत्परता की वजह से युवक की जान बच गई है। डॉ. संजीव ने बताया कि बुधन फिलहाल पूरी तरह स्वस्थ है और उसकी हालत खतरे से बाहर है। हालांकि, डॉक्टरों की सख्त निगरानी में उसे घर पर ही आराम करने की हिदायत दी गई है।
जब इस खौफनाक कदम को लेकर बुधन भारती से पूछा गया, तो उसने जो वजह बताई, वह और भी हैरान करने वाली थी। बुधन ने बड़े ही सहज अंदाज में कहा, मैंने सुना है कि कई देशों में लोग बड़े चाव और शौक से सांप खाते हैं। बस, यही सुनकर मैंने भी इसे शौक-शौक में खा लिया। मैं तो बस लोगों के मन से सांपों का डर निकालना चाहता था।
भले ही युवक इसे अपनी बहादुरी और शौक बता रहा हो और डॉक्टर भी उसे सुरक्षित घोषित कर चुके हैं, लेकिन गांव वाले और परिजन अब भी डरे-सहमे हैं। लोग इसे कुदरत का करिश्मा ही मान रहे हैं कि दो-दो जहरीले सांप खाने के बाद भी युवक बिल्कुल सही-सलामत है।

