मुहर्रम के सफल आयोजन पर पूजा समितियों और अखाड़ों ने एसएसपी,सिटी एसपी,ग्रामीण एसपी और यातायात एसपी को पगड़ी पहनाकर किया सम्मानित

राँची।राजधानी राँची में मुहर्रम-2026 के शांतिपूर्ण, सुरक्षित और भाईचारे के माहौल में संपन्न होने पर विभिन्न धार्मिक व सामाजिक संगठनों ने पुलिस प्रशासन के प्रति आभार जताया है। शुक्रवार को महावीर मंडल समिति, धवताल अखाड़ा, सेन्ट्रल मोहर्रम कमिटि, राँची महानगर मोहर्रम कमिटि, लीलु अलि अखाड़ा और केन्द्रीय शांति समिति के पदाधिकारियों तथा सक्रिय सदस्यों ने एक अनूठी पहल की। इन समितियों के प्रतिनिधिमंडल ने सामूहिक रूप से राँची के वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन, नगर पुलिस अधीक्षक पारस राणा, ग्रामीण पुलिस अधीक्षक गौरव गोस्वामी और यातायात पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान त्योहार के दौरान मुस्तैदी से विधि-व्यवस्था संभालने और तत्परता दिखाने के लिए पुलिस अधिकारियों और जवानों को धन्यवाद दिया गया। इस मौके पर समितियों के पदाधिकारियों ने आपसी सौहार्द और सम्मान की परंपरा को निभाते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक सहित सभी पुलिस अधीक्षकों को पारंपरिक पगड़ी बांधी और मोमेंटो (स्मृति चिह्न) भेंट कर उन्हें सम्मानित किया।
इस सम्मान से अभिभूत होकर वरीय पुलिस अधीक्षक, राँची ने भी त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में आम जनता और समितियों के सहयोग की सराहना की। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल में शामिल सभी पदाधिकारियों और सदस्यों को उनकी सक्रियता, सहभागिता और तत्परता के लिए अपनी ओर से धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस गरिमामयी अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में महावीर मंडल समिति, राँची के पूर्व अध्यक्ष जयसिंह यादव, मयंक गिरि, धवताल अखाड़ा के खलीफा महफुज गद्दी, अध्यक्ष कादीर गद्दी, सचिव अफसर गद्दी, राजा गद्दी, सदाब गद्दी व ईमरान गद्दी उपस्थित थे। इनके अलावा लीलु अली अखाड़ा के खलीफा सहजाद खलीफा, सेन्ट्रल मोहर्रम कमिटि के सरपरस्त साहब अली, सेन्ट्रल शांति समिति के मो० सरफराज आलम व मो० महबूब हुसैन, वार्ड 15 के पार्षद गुलाम सरवर रिजवी, मो० सबीर, मो० साद, मो० आलम, पप्पु जी, सोनु तथा राँची महानगर मोहर्रम कमिटि के अध्यक्ष मो० सलाउद्दीन एवं महासचिव मो० शकील सहित दर्जनों गणमान्य लोग मौजूद रहे।

