पलामू में ‘कातिल फरार’ की अफवाह से बवाल, सड़क जाम… फिर वीडियो कॉल ने बदल दी पूरी तस्वीर

पलामू। झारखण्ड के पलामू जिले के हैदरनगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक अफवाह ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। 8 वर्षीय मासूम की हत्या और एक दंपती पर जानलेवा हमले के मुख्य आरोपी चितरंजन पासवान के पुलिस हिरासत से फरार होने की खबर जंगल में आग की तरह फैल गई। देखते ही देखते बिंदुबिग्घा गांव और आसपास के सैकड़ों ग्रामीण सड़क पर उतर आए।

गुस्साए लोगों ने बिंदुबिग्घा मोड़ के पास हैदरनगर-जपला मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सड़क पर बैठकर ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और आरोप लगाया कि जिस आरोपी को गांव वालों ने खुद पकड़कर पुलिस के हवाले किया था, वही पुलिस की लापरवाही से फरार हो गया। प्रदर्शन के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
हालात बिगड़ते देख पुलिस प्रशासन तुरंत सक्रिय हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) ने ग्रामीणों से सीधे संवाद किया और वीडियो कॉल के जरिए सच्चाई सामने रखी।वीडियो कॉल में आरोपी चितरंजन पासवान पुलिस हिरासत में दिखाई दिया। एसडीपीओ ने स्पष्ट किया कि आरोपी थाने से फरार नहीं हुआ है। उसे इस जघन्य हत्याकांड में गहन पूछताछ और सुरक्षा कारणों से हैदरनगर से हुसैनाबाद शिफ्ट किया गया था। किसी शरारती तत्व ने उसके भागने की झूठी अफवाह फैला दी थी।
जैसे ही ग्रामीणों ने वीडियो कॉल पर आरोपी को पुलिस कस्टडी में देखा, उनकी गलतफहमी दूर हो गई। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया और हैदरनगर-जपला मुख्य मार्ग से जाम हटा लिया गया। कुछ ही देर में इस मार्ग पर यातायात सामान्य हो गया।
एक अफवाह ने जहां कुछ समय के लिए पूरे इलाके का माहौल गरमा दिया, वहीं पुलिस की त्वरित कार्रवाई और तकनीक के इस्तेमाल ने संभावित बड़े बवाल को टाल दिया। फिलहाल आरोपी पुलिस की हिरासत में है और उससे मामले में लगातार पूछताछ की जा रही है।
क्या है मामला?
हैदरनगर थाना क्षेत्र के बिंदु बीघा गांव में काहासुनी में धारदार हथियार से चितरंजन पासवान ने हमला कर दिया। इस मामले में आठ माह का बच्चा के सिर पर गहरी चोट लग गयी। जिससे उसकी मौत हो गयी, जबकि उसके माता-पिता गंभीर रूप से घायल हो गये।घटना गुरुवार की रात्रि आठ बजे की बतायी जाती है। इसकी सूचना ग्रामीणों ने हैदरनगर थाना को दिया। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल पहुँचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के दौरान आठ माह के बच्चा को मृत घोषित कर दिया। जबकि गंभीर रूप से घायल दीपक पासवान व पत्नी रूपा देवी की हालत नाजुक होने के कारण बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर एमएमसीएच रेफर कर दिया गया। हैदरनगर थाना प्रभारी के तत्परता से इस घटना के आरोपी चितरंजन पासवान को गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस ने बताया आरोपी चितरंजन को दीपक के साथ मामूली विवाद हुआ था। इसी मामले को लेकर आरोपी चितरंजन ने घर से धारदार हथियार से लाकर घटना को अंजाम दिया है।
ग्रामीण मनोज कुमार ने बताया कि दीपक पासवान और उसकी पत्नी रूपा देवी बच्चा के साथ घर के बाहर पुलिया पर बैठे हुए थे।इसी क्रम में चितरंजन पासवान व उसके पिता तुलसी पासवान उस रास्ते से गुजर रहा था। दोनों नशे में धूत थे।चितरंजन ने दीपक को बोला कि मुझे नहीं पहचानते हो।भुक्तभोगी दीपक ने बोला कि हम पहचान रहे हैं तुम नशे में हो घर चले जाओ। इसमें काहासुनी हो गयी।वह घर गया और धारदार हथियार (फरसा) लेकर घर से आया और अचानक दीपक की पत्नी रूपा देवी पर हमला कर दिया। जिससे उसका बच्चे को सिर में गंभीर चोट लग गयी और रूपा का हाथ कट गया।दीपक बीच-बचाव करने लगा, तो आरोपी चितरंजन ने पेट चीर दिया।जिससे दीपक की स्थिति गंभीर बनी हुई है।ग्रामीण बताया कि दीपक पासवान मजदूरी काम कर परिवार जीविकोपार्जन करता है।आरोपी चितरंजन हमेशा शराब के नशे में रहता है और लोगों के साथ लड़ाई झगड़ा करते रहता है।पुलिस ने बताया कि आरोपी चितरंजन और उसके पिता को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

