धनबाद में साइबर ठगी के नेटवर्क पर पुलिस का बड़ा प्रहार, होटल से चल रहा था पूरा खेल, 9 गिरफ्तार

 

धनबाद। झारखण्ड के धनबाद में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सरायढेला थाना क्षेत्र स्थित होटल न्यू हरि-इन में छापेमारी कर पुलिस ने साइबर ठगी के संगठित नेटवर्क का खुलासा करते हुए नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि होटल के कमरों से ही साइबर ठगी और ऑनलाइन गेमिंग से जुड़े नेटवर्क का संचालन किया जा रहा था।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि होटल के कुछ कमरों में साइबर अपराधी सक्रिय हैं। सूचना के आधार पर डीएसपी सीसीआर प्रदीप कुमार साव के नेतृत्व में सरायढेला थाना पुलिस ने होटल के कमरा संख्या 103 और 108 में छापा मारा। कार्रवाई के दौरान बिहार, झारखण्ड और ओडिशा के कुल नौ लोगों को हिरासत में लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में बिहार के आशीष कुमार, मिथिलेश ठाकुर, मो. आबिद आलम, आशुतोष कुमार आनंद, मनंजर शेर आलम, धनबाद के रोहित और महफुज आलम, ओडिशा के चन्द्रकांत परिदा तथा गोड्डा निवासी मो. गुफरान आलम शामिल हैं।छापेमारी के दौरान पुलिस ने 12 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 17 सिम कार्ड, 17 एटीएम कार्ड, विभिन्न बैंक खातों के क्यूआर कोड, दो चेकबुक, एक पासबुक और 50 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, गिरोह साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाले बैंक खाते उपलब्ध कराने का काम करता था। इन्हीं खातों के माध्यम से ठगी की रकम का लेन-देन किया जाता था। साथ ही ऑनलाइन गेमिंग से जुड़े संदिग्ध वित्तीय लेन-देन में भी इन खातों का इस्तेमाल होने की आशंका जताई जा रही है।
सभी आरोपियों के खिलाफ साइबर थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है। बुधवार को सभी को जेल भेज दिया गया है।

पुलिस गिरोह के मास्टरमाइंड, बैंक खातों के पूरे नेटवर्क और इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। साथ ही बरामद दस्तावेजों और बैंक खातों के जरिए हुए वित्तीय लेन-देन की गहन जांच की जा रही है।

error: Content is protected !!